अखण्ड भारत : अखण्डता का अर्थ क्या? (भाग एक)

अखण्ड भारत : अखण्डता का अर्थ क्या? (भाग एक)

देवेन्द्र स्वरूप

अखण्ड भारत : अखण्डता का अर्थ क्या? (भाग एक)

अखण्ड भारत महज सपना नहीं, श्रद्धा है, निष्ठा है। जिन आंखों ने भारत को भूमि से अधिक माता के रूप में देखा हो, जो स्वयं को इसका पुत्र मानता हो, जो प्रात: उठकर “समुद्रवसने देवी पर्वतस्तन मंडले, विष्णुपत्नि नमस्तुभ्यम् पादस्पर्शं क्षमस्वमे।” कहकर उसकी रज को माथे से लगाता हो, वन्देमातरम् जिनका राष्ट्रघोष और राष्ट्रगान हो, ऐसे असंख्य अंत:करण मातृभूमि के विभाजन की वेदना को कैसे भूल सकते हैं, अखण्ड भारत के संकल्प को कैसे त्याग सकते हैं? किन्तु लक्ष्य के शिखर पर पहुंचने के लिए यथार्थ की कंकरीली-पथरीली, कहीं कांटे तो कहीं दलदल, कहीं गहरी खाई तो कहीं रपटीली चढ़ाई से होकर गुजरना ही होगा। यात्रा को शुरू करने से पहले उस यथार्थ को पूरी तरह जानना-समझना ही होगा। अन्यथा अंग्रेजी की वह कहावत ही चरितार्थ होगी कि “यदि इच्छाएं घोड़ा होतीं तो भिखारी भी उनकी सवारी करते।”

अत: हमारे सामने पहला प्रश्न आता है कि भारत क्या है? क्या वह भूगोल है? क्या इतिहास है या कोई सांस्कृतिक प्रवाह है? यदि भूगोल है तो उस भूगोल को भारत कब मिला, किसने दिया? भूगोल तो पहले भी था पर तब वह भारत क्यों नहीं था? तब उसका नाम क्या था? भारत की अखंडता का अर्थ क्या है? यदि कोई भौगोलिक मानचित्र है जिसे हम अखंड देखना चाहते हैं तो प्रश्न उठेगा कि उसकी सीमाएं क्या हैं? क्या हम ब्रिटिश भारत की अखंडता चाहते हैं या सातवीं शताब्दी में चीनी यात्री ह्वेनसांग के समय के भारत की, जिसमें आज का अफगानिस्तान और मध्य एशिया का ताशकंद-समरकंद क्षेत्र भी सम्मिलित था? या उसके भी पहले के भारत की, जिसे पुराणों में नवद्वीपवती कहा है, जिसके श्रीलंका, बर्मा, थाईलैंड, जावा, सुमात्रा, बाली, मलयेशिया, फारमूसा और फिलीपीन जैसे अनेक द्वीप अंग थे? यहां प्रश्न उठेगा कि विष्णु पुराण के “उत्तरं यत्समुद्रस्य हिमाद्रैश्चैव दक्षिणम्। वर्ष तद्भारतं नाम भारती यत्र सन्तति:।” वाला भारत, नवद्वीपवती कब कैसे बन गया? भारत नाम की भौगोलिक सीमाओं के संकुचन और विस्तार का रहस्य क्या है? उसका आधार क्या है? इन प्रश्नों का उत्तर पाने के लिए हमें देखना होगा कि भारत बना कैसे? क्या भारत एक दिन में बन गया या उसके पीछे हजारों साल की इतिहास यात्रा विद्यमान है? प्राचीन साहित्यिक स्रोत बताते हैं कि कभी इस भौगोलिक खण्ड को केवल हिमवर्ष कहते थे, फिर उसे “पृथिवी” “अजनाम वर्ष” और “जम्बूद्वीप” जैसे नाम मिले। मौर्य सम्राट अशोक को सकल जम्बूद्वीप का राजा कहा गया। आगे चलकर हमारे संकल्प-मंत्र में “जम्बूद्वीपे भरत खंडे भारतवर्षे आर्यावर्ते कुरुक्षेत्रे…” जैसे भौगोलिक नामों को गिनाया गया। जिसके अनुसार जम्बूद्वीप भरतखंड अर्थात् भारतवर्ष से बड़ी भौगोलिक इकाई है और भारतवर्ष आर्यावर्त से, आर्यावर्त कुरुक्षेत्र से बड़ा है। इन भौगोलिक रिश्तों का आधार क्या है? ये एक-दूसरे से जुड़ते कैसे चले गए? इन्हें परस्पर जोड़ने वाली इतिहास यात्रा की प्रेरणा क्या है, लक्ष्य क्या है और उसका वाहक या माध्यम कौन है?

मनुस्मृति में इस लम्बी इतिहास यात्रा के कुछ भौगोलिक सोपानों का वर्णन सुरक्षित है। (अध्याय 2, श्लोक 18-23) । इनमें पहला सोपान था, दो प्राचीन देव नदियों-सरस्वती और दृषद्वती के बीच का क्षेत्र, जिसे देवताओं ने बनाया और जिसे ब्राह्मावर्त नाम मिला। मनुस्मृति के अनुसार इस ब्राह्मावर्त क्षेत्र में “परम्परा से चले आये आचार को सभी मानवों के लिए आदर्श माना गया यानी वहां एक महान सभ्यता और संस्कृति का विकास हुआ। निश्चय ही यह वही संस्कृति है जिसका स्रोत वेदों को माना जाता है और जिसका भौतिक शरीर अब पुरातात्विक खुदाइयों में सरस्वती के लुप्त प्रवाह के किनारे-किनारे हरियाणा से गुजरात के समुद्रतट तक प्रगट हो रहा है, जिसे पुरातत्वशास्त्रियों ने सिन्धु सभ्यता, हड़प्पा सभ्यता या सरस्वती सभ्यता का नाम दिया है। भारत की अखंड साहित्यिक परम्परा साक्षी है कि सरस्वती के तट पर ऋषियों ने वैदिक यज्ञ किए, दृश्यमान सृष्टि चक्र के पीछे विद्यमान देवशक्तियों का साक्षात्कार किया, ज्ञान यात्रा के इस चरण को त्रयी विद्या का नाम दिया। एक उत्कृष्ट विकसित भौतिक सभ्यता का विकास किया और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों की स्थापना की। इस सभ्यता के निर्माताओं को आर्य अर्थात् श्रेष्ठ कहा गया। “कृण्वन्तो विश्वमार्यम्” पूरे विश्व को आर्यत्व-श्रेष्ठत्व की ओर ले जाने का सपना लेकर यह संस्कृति प्रवाह ब्राह्मावर्त की सीमाओं से आगे बढ़ा। उसके अगले भौगोलिक सोपान के रूप में मनुस्मृति ब्राह्मर्षि देश का वर्णन करती है जिसके अन्तर्गत कुरु, पांचाल, शूरसेन एवं मत्स्य नामक जनपदों का नामोल्लेख है। अर्थात् वर्तमान हरियाणा, उससे सटे राजस्थान का कुछ भाग और उत्तर प्रदेश का बृजमंडल इस सांस्कृतिक प्रवाह से आप्लावित हो गए। इस ब्राह्मर्षि देश की महिमा का वर्णन करते हुए मनुस्मृति कहती है इस देश में जन्मे निवासियों से ही पृथ्वी के समस्त मानव अपने लिए चरित्र की शिक्षा लेते हैं। यहां भी संस्कृति ही भूगोल की पहचान का आधार है। अगला सोपान है मध्य देश, जो उत्तर में हिमालय से दक्षिण में विन्ध्य पर्वत के बीच और पूर्व में प्रयाग से पश्चिम में सरस्वती के लोपस्थान विनशन तक फैला है। यही सांस्कृतिक प्रवाह मध्यदेश से आगे बढ़कर दक्षिण में रेवा (नर्मदा) तट तक पहुंच जाता है और पूर्वी समुद्र से पश्चिमी समुद्र तक फैल जाता है। इस क्षेत्र को नाम मिलता है आर्यावर्त और उसकी पहचान है कि वह यज्ञिय देश है और वहां काला मृग नि:शंक होकर चरता है। स्पष्ट ही, आर्यावर्त नाम का अधिष्ठान सांस्कृतिक है। मनुस्मृति के नवीं शताब्दी के व्याख्याकार मेधातिथि तो यहां तक कहते हैं कि जिस क्षेत्र में वर्णाश्रम व्यवस्था है वही आर्यावर्त कहलाने का अधिकारी है, उसके परे म्लेच्छों का वास है।

क्रमश:

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *