अब पूरी दुनिया में बजेगा मोटे अनाज का डंका

अब पूरी दुनिया में बजेगा मोटे अनाज का डंका

अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज (मिलेट) वर्ष 2023

मृत्युंजय दीक्षित

 

अब पूरी दुनिया में बजेगा मोटे अनाज का डंकाअब पूरी दुनिया में बजेगा मोटे अनाज का डंका

एक जनवरी 2023 से अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष आरम्भ हो गया है। इसके फलस्वरूप सभी घरों की थालियों से गायब हो चुके मोटे अनाज के दिन फिर से बहुरने वाले हैं। मोटे अनाज और इसके उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ने कमर कस ली है। भारत इस वर्ष शंघाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (एससीओ) तथा जी 20 जैसे अंतरराष्ट्रीय समूहों की अध्यक्षता कर रहा है। इसके अलावा भी देश में कई मेगा इवेंट होने जा रहे हैं। मोटे अनाज को प्रोत्साहन देने के लिए इन अवसरों का भरपूर लाभ लिया जायेगा। सभी सम्मेलनों में कृषि मंत्रालय, खाद्य मंत्रालय तथा राज्य सरकारों के सहयोग से मोटे अनाजों से बने उत्पादों का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जायेगा व देश विदेश से आ रहे सभी अतिथियों को मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाएँगे, जिससे इनका डंका विश्व भर में बजना तय हो गया है ।

मोटे अनाज का प्रचलन बढ़ने से जनसामान्य सहित किसानों को लाभ मिलने की बड़ी सम्भावना है। एक ओर इससे कुपोषण की समस्या से निपटने का नया और सरल मार्ग मिलेगा, वहीं दूसरी ओर इससे किसानों की आय दोगुनी होने का मार्ग भी प्रशस्त होगा। मोटा अनाज वर्ष में किसानों को इन अनाजों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और आमजन को मोटे अनाज के महत्व से अवगत कराया जाएगा। मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने इस वर्ष मोटे अनाज के समर्थन मूल्यों में भी वृद्धि कर दी है।

एक समय था, जब भारत की हर थाली में अधिकांशतः ज्वार, बाजरा, रागी, चीना, कोदो, सांवा, कुटकी, कुट्टू और चौलाई से बने हुए व्यंजन ही हुआ करते थे। लेकिन फिर समय बदलता गया और आज स्थिति यह हो गयी है कि लोग इन अनाजों का महत्व तो दूर नाम भी भूल गए हैं। आज के वातावरण में जब घरों में बड़े बुजुर्ग इन अनाजों का नाम लेते हैं या नई पीढ़ी को इनका महत्व बताते हैं तो या तो बच्चे अचरज से सुनते हैं या नाम सुनते ही मुंह बनाने लगते हैं। मोटा अनाज वर्ष के माध्यम से नई पीढ़ी भी इन अनाजों का वैज्ञानिक आधार व उनका महत्व समझेंगे और स्वीकार करेंगे। स्वीकार्यता बढ़ने पर मोटे अनाज की खपत बढ़ेगी, नवाचार होंगे, स्टार्टअप आएंगे। पिछले कुछ दिनों की चर्चा से ही देश के कई युवा उद्यमियों ने ज्वार, बाजरा सहित अन्य मोटे अनाज से बनने वाले कई तरह के व्यंजनों पर नवाचार आरम्भ भी कर दिए हैं। ज्वार, बाजरे के आटे से डोसे बन रहे हैं, लड्डू बन रहे हैं और पापड़ भी बन रहे हैं।

दिसंबर 2022 में न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दुनियाभर के राजदूतों को मोटे अनाज से बने व्यंजनों की दावत दी। राजधानी दिल्ली में संसद सत्र के दौरान सभी सांसदों को मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे गये और उन्हें मोटा अनाज वर्ष के विषय में अहम जानकारी दी गई। अब मोटे अनाज की दावतों का क्रम सम्पूर्ण भारत ही नहीं वरन सम्पूर्ण विश्व में चल रहा है।

2018 में भारत सरकार ने मोटे अनाजों को पोषक अनाज की श्रेणी में रखते हुए इन्हें बढ़ावा देने की शुरुआत की थी।सरकार की ओर से उठाये गये कदमों का सकारात्मक प्रभाव अब सामने आने लगा है। वर्तमान समय में 175 स्टार्टअप इस दिशा में काम कर रहे हैं। मार्च 2021 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा भारत की ओर से प्रस्तुत एक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया, जिसके अंतर्गत वर्ष 2023 को मोटा अनाज वर्ष घोषित किया गया। मोटा अनाज वर्ष का उद्देश्य बदलती जलवायु परिस्थितियों में मोटे अनाज के पोषण और स्वास्थ्य लाभ और इसकी खेती के लिए उपयुक्तता के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। मोटे अनाज में ज्वार, बाजरा, रागी, कंगनी, कुटकी, कोदो, सांवा आदि शामिल हैं। हम सभी को यह भी पता होना चाहिए कि अप्रैल 2016 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भूख को मिटाने और दुनियाभर में कुपोषण के सभी प्रकारों की रोकथाम की आवश्यकता को मान्यता देते हुए 2016 से 2025 तक पोषण पर संयुक्त राष्ट्र कार्रवाई दशक की भी घोषणा की थी।

मोटा अनाज उपभोक्ता, उत्पादक व जलवायु तीनों के लिए अच्छा माना गया है। ये पौष्टिक होने के साथ कम पानी वाली सिंचाई से भी उगाए जा सकते हैं। विषेषज्ञों का मत है कि कुपोषण मुक्त और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिये मोटे अनाज की अहम भूमिका होगी और इसके लिए देशों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। मोटे अनाज को प्रोत्साहन वर्तमान समय की मांग भी है क्योंकि यह अनाज आधुनिक जीवन शैली में बदलाव के कारण सामने आ रही कई बीमारियों व कुपोषण को रोकने में सक्षम है।

केंद्र सरकार ने मोटा अनाज वर्ष को सफल बनाने के लिए काफी समय पूर्व से ही तैयारियां प्रारंभ कर दी थीं। इस के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं लेकर आई है। राशन प्रणाली के अंतर्गत मोटे अनाजों के वितरण पर जोर दिया जा रहा है।आंगनबाड़ी और मध्यान्ह भोजन योजना में भी मोटे अनाजों को शामिल कर लिया गया है। प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रमों में मोटे अनाजों से बने व्यंजनों का उल्लेख करते रहते हैं। सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि अब “मोटा अनाज, खाओ और प्रभु के गुण गाओ” का नारा खूब चलने वाला है। मोटा आनाज पोषण का सर्वश्रेष्ठ आहार कहा जाता है। मोटे अनाज में 7-12 प्रतिशत प्रोटीन, 65-75 प्रतिशत कार्बोहाइड्रेट और 15-20 प्रतिशत डायटरी फाइबर तथा 5 प्रतिशत तक वसा उपलब्ध रहता है। जिसके कारण यह कुपोषण से लड़ने में सक्षम पाया जाता है। मोटे अनाज का आयुर्वेद में भी बहुत महत्व है।

भारत में सिंधु घाटी सभ्यता के समय से ही मोटे अनाज की खेती के प्रमाण मिलते हैं तथा विश्व के 131 देशों में इनकी खेती होती है। मोटे अनाज के वैश्विक उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत और एशिया में 80 प्रतिशत है। ज्वार के उत्पादन में भारत विश्व में प्रथम स्थान पर है। भारत में ज्वार का सर्वाधिक उत्पादन महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में होता है। बाजरे के उत्पादन में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक आगे हैं।

मोटा अनाज वर्ष में हम सभी को बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने भोजन में इसको नियमित रूप से स्थान देना चाहिए। पोषण के मामले में यह अनाज अन्य अनाजों गेहूं व धान की तुलना में बहुत आगे है। इनकी खेती सस्ती और कम पानी वाली होती है। मोटे अनाज का भंडारण आसान होता है। भोजन में इन अनाजों को शामिल करने से स्वास्थ्य संबंधी कई बड़ी परेशानियों से बचना संभव हो सकता है। आज जब विश्व का बड़ा हिस्सा कुपोषण से लड़ रहा है, तब सनातन भारत की मोटे अनाज वाली थाली इसके समाधान के रूप में देखी जा रही है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *