अमर बलिदानी हेमू कालाणी

अमर बलिदानी हेमू कालाणी

21 जनवरी 1943 : अमर बलिदानी हेमू कालाणी के बलिदान दिवस पर विशेष

रमेश शर्मा

अमर बलिदानी हेमू कालाणी अमर बलिदानी हेमू कालाणी 

भारतीय स्वाधीनता संग्राम असंख्य बलिदानों का इतिहास है। हजारों लाखों जीवन की आहुति के बाद ही भारत में स्वतंत्रता का सूर्य उदित हो सका। ऐसे ही एक अमर बलिदानी हैं हेमू कालाणी। संभवतः उनका जन्म ही स्वाधीनता संग्राम के लिये हुआ था। सात वर्ष की आयु में हाथ में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी में शामिल हुए थे। स्वतंत्रता संघर्ष का नशा कुछ ऐसा चढ़ा जो जीवन के बलिदान के बाद ही शाँत हुआ।

क्राँतिकारी हेमू कालाणी का जन्म 23 मार्च 1923 को सिन्ध प्राँत के सुक्कुर में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। संयोग से उनका जन्म ठीक उसी दिन हुआ था, जिस दिन क्राँतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फाँसी दी गई थी। हेमू कालाणी के पिता पेसुमल कालाणी व्यवसायी थे और माता जेठी बाई धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिये समर्पित रहीं। पंजाब और सिन्ध का यह क्षेत्र तीन परंपराओं से बहुत जाग्रत था। एक तो आर्यसमाज के सांस्कृतिक अभियान से, दूसरा क्राँतिकारियों के आंदोलन से और तीसरा गाँधी जी के स्वदेशी आंदोलन से। उस क्षेत्र का बच्चा-बच्चा स्वदेशी और राष्ट्र जागरण के रंग में रंगा हुआ था। गांव-गांव में प्रभात फेरियाँ निकलने लगी थीं। जब हेमू केवल सात वर्ष के थे, तब उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर प्रभात फेरियों में हिस्सा लेना आरंभ कर दिया था। स्वदेशी का यह भाव जो उनके बचपन में पनपा अंतिम श्वांस तक यथावत रहा। किशोर अवस्था में वे क्रांतिकारी गतिविधियों के प्रति आकर्षित हुए और क्रान्तिकारियों के संपर्क में आ गये। वे टोली बनाकर दोनों दिशाओं में एक साथ काम करने लगे। अंग्रेजों से भारत को स्वतंत्र कराने के जुलूस और क्राँतिकारी गतिविधियों में भी हिस्सा लेते। वे पढ़ने में भी बहुत होशियार थे। इसके साथ खेल कूद, तैराकी और दौड़ स्पर्धाओं में भी हिस्सा लेते थे। खेल गतिविधियों में कई बार पुरस्कृत हुए। अभी वे केवल उन्नीस वर्ष के थे कि 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन आरंभ हो गया। यह आह्वान गांधी जी ने किया था। गाँधी जी ने ‘अंग्रेजों से भारत छोड़ने को कहा और भारतीयों को ‘करो या मरो’ का नारा दिया। यह आंदोलन पूरे देश में फैला। यद्यपि आंदोलन की पूर्व बेला में गाँधी जी और काँग्रेस के लगभग सभी नेता बंदी बना लिये गये थे। पर आँदोलन न रुका। आँदोलन स्वस्फूर्त हो गया। जो जहाँ था वह आंदोलन मे टूट पड़ा।

हेमू कालाणी भी अपनी टोली के साथ आँदोलन में कूद पड़े। वे जिस संगठन के माध्यम से क्राँतिकारी गतिविधियों में सक्रिय थे उसका नाम ‘स्वराज सेना’ था। सिन्ध प्राँत के आँदोलन में इस संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण थी। इसी संगठन के आह्वान पर हेमू ने ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ के नारे के साथ पूरे सिन्ध में स्वदेशी अभियान छेड़ दिया। वे विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार एवं स्वदेशी अपनाने के आह्वान के साथ सभाएँ करके नौजवानों को जाग्रत कर रहे थे। तभी क्रांतिकारियों को जानकारी मिली कि बलूचिस्तान में चल रहे आंदोलन को कुचलने के लिए अंग्रेज सैनिकों, हथियारों व बारूद से भरी रेलगाड़ी सिन्ध के रोहिणी स्टेशन और सक्खर शहर से होकर बलूचिस्तान के क्वेटा नगर जाएगी। यह समाचार सुनकर संगठन ने इस रेलगाड़ी को रोकने का दायित्व 19 वर्षीय छात्र हेमू कालाणी और उनकी टोली को दिया। वह 23 अक्टूबर 1942 की रात थी। क्राँतिकारी हेमू कालाणी ने अपने साथ दो सहयोगियों को लिया। तीनों ने रेलगाड़ी के मार्ग का अध्ययन पहले कर लिया था। वे रेलगाड़ी के मार्ग पर पहुँचे। हेमू कालाणी ने रिंच और हथौड़े की सहायता से रेल की पटरियों की फिशप्लेटों को उखाड़ना आरंभ कर दिया। अन्य दोनों साथी निगरानी के लिये तैनात थे। रात के सन्नाटे के कारण हथौड़ा चलाने की आवाजें दूर तक जा रही थीं। यह आवाज गश्त कर रहे सिपाहियों ने भी सुनी। आवाज सुनकर सिपाही दौड़े आए। सिपाहियों को देखकर निगरानी के लिये तैनात नंद और किशन तो भाग कर अंधेरे में छिप गए, पर हेमू कालाणी को उन्होंने पकड़ लिया। उन्हें क्रूरतम शारीरिक यातनाएँ दी गईं। सिपाहियों ने दो लोगों को भागते देख लिया था, उनसे साथियों के नाम पूछे गये। पर उन्होंने कठोर यातना सहकर भी अपने साथियों के नाम न बताये।

सक्खर की मार्शल लॉ कोर्ट ने उन्हें देशद्रोह के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस निर्णय को अनुमोदन के लिए सिन्ध प्रांत के हैदराबाद स्थित सेना मुख्यालय के प्रमुख अधिकारी कर्नल रिचर्डसन के पास भेजा गया। अंग्रेजों के समय मार्शल लॉ कोर्ट के आदेश पर अंतिम निर्णय सेना प्रमुख अधिकारी ही करते थे। इसलिए यह फाइल कर्नल रिचर्डसन के पास गई। कर्नल रिचर्डसन ने हेमू कालाणी को ब्रिटिश राज के लिये खतरनाक शत्रु करार दिया और आजीवन कारावास की सजा को फांसी में बदल दिया। अंततः जनवरी, 1943 को प्रात: सात बजकर 55 मिनट पर हेमू कालाणी को फांसी दी गई।

जब क्राँतिकारी हेमू कालाणी का बलिदान हुआ, तब वे मात्र उन्नीस वर्ष के थे। वे पूरे सिन्ध में नौजवानों के आदर्श थे। उनकी स्मृति में डाक टिकट भी जारी हुआ और विभिन्न नगरों में उनके नाम पर सड़क या कालोनियों के नाम भी हैं।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *