‘द कश्मीर फाइल्स’ रिलीज : आरंभ है प्रचंड..

‘द कश्मीर फाइल्स’ रिलीज : आरंभ है प्रचंड....

प्रशांत पोळ

 ‘द कश्मीर फाइल्स’ रिलीज : आरंभ है प्रचंड....
यह राष्ट्रीय भावना की जीत है। एक नया विमर्श गढ़ने जा रहा है। आज तक जिस सच को राजनेताओं और मीडिया ने छिपा कर रखा था, उसे विवेक अग्निहोत्री ‘द कश्मीर फाइल्स’ के माध्यम से अत्यंत प्रभावी तरीके से सामने लाए हैं।

‘द कश्मीर फाइल्स’ हिट है। जबरदस्त हिट है। जिस – जिस थिएटर में लगी है, वे सभी थिएटर, सभी टॉकीज युवाओं से भरे पड़े हैं। इस देश में पहली बार राष्ट्रीय विचार बेबाक तरीके से स्क्रीन पर आ रहे हैं। टॉकीज से निकलने वाला लगभग हर एक व्यक्ति कह रहा हैं, “यह सब तो हमें मालूम ही नहीं था। आज तक किसी ने हमें बताया ही नहीं।”

अनेक विरोधों के कारण ‘द कश्मीर फाइल्स’ पूरे देश में मात्र 630 स्क्रीन्स पर ही प्रदर्शित हो पाई है। किन्तु फिर भी इस मूवी का पहले दिन का कलेक्शन है – 4.25 करोड़ रुपये। दूसरे दिन, अर्थात शनिवार 12 मार्च का कलेक्शन 6 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। यह अद्भुत है। इसे इस प्रकार से समझा जा सकता है – नवंबर 21 में सलमान खान की मूवी प्रदर्शित हुई थी, ‘अंतिम’। यह देश में 3,200 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। इस मूवी का पहले दिन का कलेक्शन था – 5 करोड़ रुपये। शाहरुख खान ने तो अपनी ‘जीरो’ नाम की मूवी देश और विदेश की 5,965 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित की थी। इन सब की तुलना में, मात्र 630 पर्दों पर प्रदर्शित होकर भी ‘द कश्मीर फाइल्स’ इतिहास रच रही है।

यह कम लागत की मूवी है। लगभग 14 करोड़ रुपये इसकी लागत है। पहले सप्ताह में ही इसकी लागत वसूल होगी ऐसा दिख रहा है। यह महत्व का है। ‘राष्ट्रीय भावनाओं पर, राष्ट्रीय विचारों पर मूवी बनाना लाभकारी है’, ऐसा चित्र सामने आया तो अनेक निर्माता दौड़ – दौड़ कर ऐसे विषयों पर मूवी बनाएंगे। राष्ट्रीय विमर्श को मजबूत बनाने में इसका निश्चित ही लाभ होगा। आज बॉलीवुड को ‘खान इंडस्ट्री’ कहा जाता है। इन खानों ने राष्ट्रीय विचारधारा की मूवी बनाने का विरोध तो किया ही है, साथ ही ऐसी किसी मूवी को प्रदर्शित करने में अनेक अड़चनें भी खड़ी की हैं।

‘द कश्मीर फाइल्स’ ने सिनेमा जगत में एक नई धारा को प्रवाहित किया है। अब दमखम के साथ ऐसे अनेक मुद्दे, अनेक विषय पर्दे पर आएंगे। अब बॉलीवुड में राष्ट्रीय विचारधारा पर गर्व करने वाले कलाकार साहस के साथ सामने आएंगे। अब बहुत कुछ बदलेगा। जिसका आरंभ ही प्रचंड है, उसका परिणाम भी जबरदस्त होगा।

#TheKashmirFiles

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *