शहर से ढाणियों तक गूंज रहा राम का नाम

शहर से ढाणियों तक गूंज रहा राम का नाम

शहर से ढाणियों तक गूंज रहा राम का नाम

  • समाजों के प्रबुद्धजनों से भी महाभियान में जुड़ने का आग्रह
  • महाभियान में चार दिन शेष, शहर से ढाणियों तक गूंज रहा राम का नाम

उदयपुर, 12 फरवरी। अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए देश के हर परिवार से श्रद्धा स्वरूप निधि समर्पण के महाभियान में अब चार दिन शेष रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र की ओर से 15 फरवरी को महाभियान के समापन से पूर्व आ रहे रविवार को सूर्योदय से रात्रि तक समय के समर्पण का आह्वान किया गया है। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन भी महाभियान में कार्यकर्ताओं के सहभागी बनें ताकि कोई भी घर-परिवार अपनी श्रद्धा को समर्पित करने से वंचित न रह जाए। इस बीच, उदयपुर शहर से लेकर जिले के ठेठ ग्रामीण क्षेत्रों की ढाणियों-मझरों तक राम नाम की गूंज है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र निधि समर्पण समिति उदयपुर के बैनर तले गुरुवार को हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक प्रमुख श्रीवर्धन ने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि महाभियान के इस पखवाड़े में पिछले दो रविवार कार्यकर्ताओं ने रामजी के काज को समर्पित किए हैं। समापन पूर्व 14 फरवरी को आ रहे रविवार को महाभियान को और गति देते हुए पूरा दिन समर्पित करने का संकल्प लें। श्रीवर्धन ने कहा कि विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों से भी आग्रह किया जा रहा है कि वे भी महाभियान में सहभागी बन रामजी के काज को आगे बढ़ाएं ताकि कोई घर-परिवार प्रतीक्षा में न रह जाए।

निधि समर्पण समिति के महानगर प्रमुख अशोक प्रजापत ने बताया कि अभियान में चार दिन शेष रहते कार्यकर्ताओं ने अपना समय समर्पण बढ़ा दिया है। कई क्षेत्रों में पूर्व में गठित टोलियों में अतिरिक्त टोलियां जुड़ गई हैं। विभिन्न समाजों और मोहल्लों में प्रबुद्धजन भी कार्यकर्ताओं को सहयोग कर रहे हैं। कई संस्थाएं भी निधि समर्पण को आगे आ रही हैं। शहरों से लेकर गांवों तक परिवारों में उत्साह है। इसकी बानगी यह है कि कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर उनका उत्साहपूर्वक जय श्रीराम बोलकर अभिवादन हो रहा है और यह कहा जा रहा है कि हम आपका ही इंतजार कर रहे थे। कार्यकर्ता भी रामलला के मंदिर के प्रति लोगों का समर्पण देख भावविभोर हो रहे हैं और अतिरिक्त ऊर्जा से महाभियान को गति दे रहे हैं।

मंगलम आर्ट ने रामजी के चरणों  में समर्पित किए 11 लाख
इस बीच, निधि समर्पण का दौर उत्साह पर है। गुरुवार को राम मंदिर निर्माण के लिए उदयपुर के समाजसेवी श्याम रावत (मंगलम आर्ट) की ओर से 11 लाख 11 हजार 111 की राशि प्रभु चरणों में समर्पित की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 500 साल के इंतजार के बाद प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में बिराजेंगे। राम पूरे देश की आस्था हैं, रोम रोम में बसे हैं। उनके लिए पहली बार समर्पण का अवसर प्राप्त हुआ है, इसका पुण्य सभी को प्राप्त करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख श्रीवर्धन, विभाग संघचालक हेमेन्द्र श्रीमाली, महानगर संघचालक गोविन्द अग्रवाल, उद्योगपति अरविन्द सिंघल का अभिनंदन भी किया।

मंगलम आर्ट ने रामजी के चरणों  में समर्पित किए 11 लाख

कार्यकर्ता 10, 100, 1000 के कूपन लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं तो कई परिवार अधिक राशि समर्पित करने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ता दुबारा अधिक राशि के लिए निर्धारित रसीद बुक लेकर उनके यहां पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, निधि समर्पण का लेखा-जोखा रखने वाली टोली भी रात तक रामकाज में जुटी हुई है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *