किसी के अधिकार मत छीनो, लेकिन अपने धर्म व अधिकारों की रक्षा जरूर करो- मिलिंद परांडे

गुरु नानकदेव के 550वे प्रकाशोत्सव पर संगोष्ठी आयोजित

पाथेय डेस्क  

जयपुर, 07 नवम्बर । विश्व हिंदू परिषद द्वारा गुरू नानकदेवजी के 550वे प्रकाशोत्सव पर बुधवार शाम को आदर्श विद्या मंदिर राजापार्क में प्रबुध्दजन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि गुरू नानकदेवजी ने समाज को नई दिशा देकर संगठन का संदेश दिया था। देश में मुगलों के आक्रमण के दौरान नानकदेवजी का जन्म हुआ था। विश्व के अनेको देशों का पैदल भ्रमण करते हुए समाज की परिस्थितियों की जानकारी ली।

उन्होंने धर्म का पालन करते हुए मेहनत व परिश्रम करके जीवन यापन करने का संदेश दिया। नानकदेवजी ने कहा था कि स्वयं की आय में से परिवार का पोषण करने के बाद परोपकार व समाज के लिए भी व्यय करना चाहिए। उनकी शिक्षा में कहा गया है कि किसी का अधिकार मत छीनो, लेकिन अपने धर्म व अधिकारों की रक्षा जरूर करिए। उन्होंने समाज व महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के पुरजोर विरोध किया। नारी सम्मान का बीड़ा उठाया व इसके लिए समाज को जागरूक किया। नानकदेवजी ने समाज को राष्ट्र के साथ जोड़ने के लिए प्रयास किया।

 

तथ्यों पर विश्वास, हिंदुओं के पक्ष में आएगा मंदिर का फैसला
विहिप महामंत्री परांडे ने राम मंदिर मुद्दे पर कहा कि राम मंदिर राष्ट्रीय महत्व का विषय है, मंदिर के लिए समाज ने 76 लड़ाइयां लड़ी, हजारों लोगों ने बलिदान दिया, गुरु ग्रंथ साहिब में भी भगवान राम का उल्लेख आया है। अनेकों वर्षों से अयोध्या में भगवान राम मंदिर बनाना समाज की आकांक्षा रही है। उन्होंने कहा कि अनेको वर्ष न्यायालय में वाद चले हैं, पिछले दिनों हुई लगातार सुनवाई का फैसला 17 नवम्बर से पहले आने वाला है। हिन्दू समाज को पूरा विश्वास है कि तथ्यों के आधार पर न्यायालय का निर्णय हिंदुओ के पक्ष में आएगा। निर्णय आने के बाद हमारा आह्वान है कि समाज को शांतिपूर्ण तरीके से खुशी मनानी चाहिए। समाज मे सद्भाव बनई रहे इसके लिए सभी को प्रयास करना चाहिए।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ढिल्लों व संत सियारामदास महाराज ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिक बिल्डर के चेयरमैन अजयपाल सिंह की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक शिक्षण प्रमुख स्वांत रंजन, प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, विहिप के केंद्रीय सह मंत्री नरपतसिंह शेखवात, महानगर संघचालक कर्नल धनेशचंद गोयल, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेशचंद, प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष, संगठन मंत्री राजाराम समेत बड़ी संख्या में प्रबुध्दजन उपस्थित रहे।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *