संघ देश के 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चला रहाः सुनील आंबेकर

संघ देश के 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चला रहाः सुनील आंबेकर

संघ देश के 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चला रहाः सुनील आंबेकर

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश के 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चला रहा है, वहीं 219 स्थानों पर कोविड अस्पतालों में प्रशासन का सहयोग किया जा रहा है। जबकि टीकाकरण के लिए 10 हजार से अधिक स्थानों पर जागरूकता अभियान के साथ 2442 टीकाकरण केंद्र अभी तक प्रारंभ किये गए हैं। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कही। सुनील आंबेकर ने डिजिटल माध्यम से आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा सेवा भारती द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों के संबंध में जानकारी दी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि कोरोना के इस क्रूर प्रहार से देश के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरोना महामारी में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। डॉक्टरों व चिकित्सा के अन्य कार्य तथा ऑक्सीजन आदि सामग्री की आपूर्ति में लगे कर्मचारी एवं सुरक्षा व स्वच्छता कर्मियों सहित सभी कोरोना योद्धाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज की संवेदना व सक्रियता अद्भुत है। अपनी जान जोखिम में डालकर संकट की स्थिति में कार्य कर रहे हैं। परिस्थिति भले ही विकट हो, भारत में समाज की शक्ति भी विशाल है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि देश कोरोना के प्रकोप पर शासन-प्रशासन व समाज के समन्वित प्रयास से ही विजय प्राप्त करेगा। संघ के स्वयंसेवक भी समाज के अन्य वर्गों की ही तरह सेवा कार्य कर रहे हैं। इंदौर में संघ की पहल पर शासन, निजी अस्पताल, राधा स्वामी संत्संग आदि के सहयोग से दो हज़ार बिस्तरों का कोविड केंद्र शासन व समाज के समन्वित कार्य का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।

उन्होंने कहा कि सदैव की भांति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सेवा भारती सहित अन्य संगठन व संस्थाएं प्रभावित क्षेत्रों व परिवारों में राहत पहुंचाने के काम में जुटे हैं। संघ की पहल पर आवश्यकता के अनुसार अभी 12 प्रकार के कार्य प्राथमिकता से प्रारंभ हुए हैं। इसमें कोविड के संभावित लोगों के लिए आइसोलेशन केंद्र व पॉजिटिव रोगियों के लिए कोविड केयर केंद्र, सरकारी कोविड केंद्र व अस्पतालों में सहायता, सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, रक्त दान, प्लाज्मा दान, अंतिम संस्कार के कार्य, आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण, समुपदेशन (काउंसलिंग), ऑक्सीजन आपूर्ति व एम्बुलेंस सेवा, भोजन, राशन व मास्क तथा टीकाकरण अभियान व जागरूकता जैसे कार्य शामिल हैं, जिन्हें  प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रभाव से कई प्रांतों में स्वयंसेवकों द्वारा प्रारंभ किया गया है।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार प्लाज्मा व रक्तदान में सहयोग किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर संभावितों की सूची भी बनी है। दिल्ली में रक्तदाताओं की सूची उपलब्ध है। पुणे में जनजागरण अभियान के माध्यम से 600 लोगों ने प्लाज्मा डोनेट किया है। जिससे 1500 लोगों का जीवन बचाने में सहायता मिली है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विभिन्न शहरों में बुजुर्गों व अकेले रहने वालों को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *