संघ के विजयादशमी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी पर्वतारोही संतोष यादव

संघ के विजयादशमी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी पर्वतारोही संतोष यादव

संघ के विजयादशमी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी पर्वतारोही संतोष यादवसंघ के विजयादशमी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी पर्वतारोही संतोष यादव

  • आगामी पांच अक्टूबर को नागपुर के रेशमबाग में होगा कार्यक्रम

नागपुर, 16 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी समारोह में इस बार नारी शक्ति की प्रतीक पर्वतारोही संतोष यादव को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। अब तक दो बार माउंट एवरेस्ट पर सफलापूर्वक चढ़ाई करने वाली संतोष यादव पद्मश्री से अलंकृत हैं। आगामी 5 अक्टूबर को नागपुर के रेशमबाग परिसर में आयोजित विजयादशमी उत्सव में संतोष यादव उपस्थित रहने वाली हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में वर्ष प्रतिपदा, शिवराज्याभिषेक दिवस, रक्षाबंधन, गुरु पूर्णिमा, विजयादशमी, मकर संक्रांति; ऐसे छह उत्सव मनाए जाते हैं। भारतीय संस्कृति से जुड़े इन उत्सवों का समाज संगठन और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण में विशेष महत्व है। 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना भी हुई थी। यह एक संयोग ही है, परन्तु संघ अपना स्थापना दिवस नहीं मनाता है। संघ शिक्षा वर्ग का समापन और विजयादशमी इन दोनों कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाता है। इसी कड़ी में आगामी 5 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में संतोष यादव मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित हैं।

संतोष यादव अपने जीवन में दो बार माउंट एवरेस्ट पर जीत पाकर विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुकी हैं। भारत सरकार की ओर से वर्ष 2000 में उन्हें ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया। संतोष ने 1993 में पहली बार एवरेस्ट पर चढ़ाई कर जीत हासिल की। वह एवरेस्ट पर सफलता के झंडे गाड़ने वाली सबसे कम उम्र की महिला हैं। उन्होंने 1994 में दोबारा पर्वतारोहण किया और एवरेस्ट पर चढ़ाई करने में सफलता प्राप्त की। संतोष विश्व की एकमात्र महिला हैं, जिन्होंने दो बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की है। 19 अप्रैल 2001 को लिम्का बुक ऑफ रिकार्डस द्वारा सन्तोष को सम्मानित किया गया है। सन्तोष यादव का जयपुर से भी जुड़ाव रहा है। उन्होंने जयपुर के महारानी महाविद्यालय में पढ़ाई की है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *