सोहन सिंह स्मृति दिवस का आयोजन

सोहन सिंह स्मृति दिवस का आयोजन

सोहन सिंह स्मृति दिवस का आयोजन

जयपुर/बुलन्दशहर, 11 दिसंबर। संघ के प्रचारक रहे स्व. सोहन सिंह की स्मृति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला बुलंदशहर द्वारा आगामी 12 दिसंबर, रविवार को ग्राम हरचना में स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन रविवार दोपहर 1 से 2 बजे के बीच होगा।

आजीवन समाज की सेवा करने वाले संघ प्रचारक सोहन सिंह का जन्म 18 अक्तूबर 1923 (आश्विन शुक्ल नवमी 1980) को उत्तरप्रदेश स्थित बुलंदशहर के ग्राम हरचना में चौधरी रामसिंह के घर हुआ। 16 वर्ष की अवस्था में वे स्वयंसेवक बने।

1942 में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की विफलता से उद्विग्न युवकों को तत्कालीन सरसंघचालक माधवराव गोलवलकर संघ का पथ दिखा रहे थे। उनसे प्रेरित होकर दिल्ली व आसपास के 80 युवक प्रचारक बने, जिनमें सोहन सिंह भी सम्मिलित थे। 1948 में संघ पर प्रतिबंध के दौरान वे जेल गए। प्रतिबंध हटने के बाद उन्होंने करनाल, रोहतक, झज्जर और अम्बाला का कार्य देखा। 1973 में उन्हें जयपुर विभाग का कार्यभार देकर राजस्थान भेजा गया। 1975 में लगे आपातकाल में उन्हें जयपुर से बंदी बनाया गया। इसके पश्चात वे लगभग 10 वर्ष राजस्थान प्रांत प्रचारक; 1987 से 96 तक दिल्ली में सहक्षेत्र व क्षेत्र प्रचारक, 2000 तक धर्म जागरण विभाग के राष्ट्रीय प्रमुख तथा 2004 तक उत्तर क्षेत्र के प्रचारक प्रमुख रहे।

सोहन सिंह के समाज पर प्रभाव का परिचय तब मिला जब 1965 के युद्ध के समय रात में दस बजे सेना की ओर से अतिशीघ्र सौ यूनिट रक्त की आवश्यकता का संदेश भेजा गया। उन दिनों फोन नहीं थे, किंतु प्रातःकाल से पूर्व ही सोहन सिंह 500 रक्तदाताओं को लेकर सैनिक अस्पताल में उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं के मध्य उन्हें धैर्यशील, सबको साथ लेकर चलने वाले तथा सबकी बात समझने वाले पुरोधा के रूप में जाना जाता था। वे सादा जीवन जीते थे। वृद्धावस्था में भी यथा संभव कमरे की सफाई करने तथा कपड़े धोने का कार्य स्वयं ही करते थे। 4 जुलाई, 2015 रात्रि में दिल्ली कार्यालय में उनका निधन हुआ। मृत्यु के बाद उनके पूर्व संकल्प के अनुसार उनके नेत्र दान कर दिए गये।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुरेश चंद्र, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार, अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख स्वांतरंजन, राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम, जयपुर प्रांत प्रचारक शैलेंद्र सिंह, सह प्रांत प्रचारक बाबूलाल और मेरठ प्रांत प्रचारक अनिल कुमार भी उपस्थित रहेंगे।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *