जब तक खेती किसानी की दिशा ठीक नहीं होगी, तब तक दशा नहीं सुधर सकती- गजेंद्र सिंह

जब तक खेती किसानी की दिशा ठीक नहीं होगी, तब तक दशा नहीं सुधर सकती- गजेंद्र सिंह

जब तक खेती किसानी की दिशा ठीक नहीं होगी, तब तक दशा नहीं सुधर सकती- गजेंद्र सिंहजब तक खेती किसानी की दिशा ठीक नहीं होगी, तब तक दशा नहीं सुधर सकती- गजेंद्र सिंह

– भारतीय किसान संघ का स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न

कोटा, 7 मार्च। भारतीय किसान संघ का स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को तेजा मंदिर ट्रस्ट तलवंडी में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय किसान संघ की स्थापना पूर्ण विजय की संकल्पना के साथ 4 मार्च 1979 को कोटा के दशहरा मैदान में राष्ट्रऋषि स्व. दत्तोपंत ठेंगडी द्वारा की गई थी। भारतीय कृषि का गुणगान कभी दुनियाभर से आने वाले विदेशी यात्रियों ने किया। जिन्हें पढ़कर आज भी हमें गर्व की अनुभूति होती है। लेकिन कर्म को कर्तव्य मानने वाला, दुनिया को जीवन जीने का सलीका और उन्नत खेती करना सिखाने वाला, विश्व मंगल की कामना करने वाला भारत का किसान लगातार दुष्चक्र में फंसता चला गया। धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष ये चतुर्दिक पुरुषार्थ हमारे राष्ट्र के प्राण हैं, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति से प्रभावित होकर हम केवल अर्थ और काम के ही वशीभूत होकर रह गए। जब तक हमारे किसान और खेती की दिशा ठीक नहीं होगी, तब तक हमारी दशा भी नहीं सुधर सकती। आज धरती, बीज, वायु, जल समेत संपूर्ण पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना भी हमारे सामने एक बड़ी चुनौती है।

उन्होंने कहा कि हमारी धरती में दुनिया का पेट भरने की क्षमता है। कभी किसान धरती में हल जोतने से पूर्व साष्टांग प्रणाम करता था। वही किसान आज रासायनिक खाद डालकर भूमि को बंजर करने पर उतारू हो गया है। आज किसान के बीज को छीनने के लिए दुनिया भर में षड्यंत्र चल रहे हैं और जीएम जैसे बीज परोसे जा रहे हैं। हम उन्नत बीज तैयार करने वाले थे। उन उन्नत बीजों से उपज प्राप्त करने का जो रिकॉर्ड था, उसे हम आज तक छू भी नहीं सके हैं। हमने धरती में इतना रसायन डाला कि जल, वायु और भूमि प्रदूषित हो गए। हमने अपने ज्ञान पर विश्वास नहीं किया और अल्प ज्ञानी को ही सर्व ज्ञानी मानने लगे। जिसके कारण से चिड़िया के कलरव को सुनने के लिए भी कान तरस गए हैं। जीव जंतु और पशु पक्षियों की प्रजातियां लुप्त होने की कगार पर पहुंच गई हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश के 600 से अधिक जिलों में भारतीय किसान संघ पहुंचा है। भारतीय किसान संघ अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण करने वाला है। ऐसे में, हमें अपने स्व का जागरण कर पूर्ण विजय के संकल्प के लिए काम करना होगा। समरसता, स्नेह, बंधु भाव, विश्वास, कुटुंब प्रबोधन, संस्कार पर काम करके समाज को बचाना है। स्वदेशी, स्वभूषा, मर्यादा, रहन-सहन, स्व खानपान व स्व के गौरव का आग्रह करते हुए आगे बढ़ना है। हमें खुशहाल गांव बनाने के लिए काम करना होगा।

जिला अध्यक्ष जगदीश कलमंडा ने राष्ट्रीय अधिवेशन में पारित किए गए प्रस्तावों का वाचन किया। धनराज पारेता ने काव्य गीत “पूर्ण विजय संकल्प हमारा..” की प्रस्तुति दी। संचालन जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने किया।

इस दौरान प्रांत संगठन मंत्री परमानंद, प्रांत उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सिरोहिया समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *