सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी का भाव ही भारत माता की सच्ची सेवा- निम्बाराम

सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी का भाव ही भारत माता की सच्ची सेवा- निम्बाराम
– राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) प्रदेश कार्यकारिणी बैठक जयपुर में संपन्न
जयपुर, 10 अप्रैल 2025। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान जयपुर में संपन्न हुई। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती एवं मां भारती के चित्रों के समक्ष माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने बताया कि बैठक में तीन सत्र आयोजित हुए। प्रथम सत्र में संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की चर्चा, समीक्षा तथा आगामी सत्र के लिए निर्धारित पंचांग की जानकारी दी गई। द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम का पाथेय प्राप्त हुआ एवं तृतीय सत्र में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का उद्बोधन हुआ।
प्रथम सत्र में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने सभी कार्यकर्ताओं को नववर्ष 2082 की मंगलमय शुभकामनाओं के साथ पिछले वर्ष 225637 सदस्यता के कीर्तिमान स्थापित करने के लिए एवं पिछले सत्र के प्रधानाचार्य संवाद कार्यक्रम, महिला विचार गोष्ठियों में 10 हजार से अधिक महिला शिक्षकों की सहभागिता, अभ्यास वर्गों के आयोजन की अभूतपूर्व सफलता के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने 14 अप्रैल को समरसता दिवस एवं 18 जुलाई को गुरु वंदन कार्यक्रम पर प्रत्येक उप शाखा के प्रत्येक पीईईओ स्तर पर विचार गोष्ठी के आयोजन की बात रखी। उन्होंने सदस्यता अभियान के पूर्ण कार्यक्रम को विस्तार से कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा एवं इस बार सदस्यता 3 लाख पार करने की बात कही। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान 1 मई से 14 मई के मध्य चलेगा।
प्रदेश संगठन मंत्री घनश्याम ने कार्यकर्ताओं से समय का पालन करने और सदस्यता अभियान में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें संगठन के कार्यों को पूर्ण करने के साथ-साथ शिक्षक के रूप में भी विद्यार्थियों और समाज के प्रति अपने दायित्व को शत प्रतिशत पूर्ण करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से अध्यापन के साथ-साथ विद्यार्थियों के पंचकोषीय मन, शरीर, आत्मा, बुद्धि और वृत्ति के विकास की बात कही।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि आज हमारे समाज के प्रत्येक कार्य में पुरुष एवं महिलाओं दोनों का समान योगदान है। अतः संगठन की प्रत्येक इकाई में महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं से सदैव सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी का भाव मन में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ राष्ट्रीय सबसे बड़ा ही नहीं बल्कि एक जीवंत और सतत संगठन है। अतः हमारी सोच सबको साथ लेकर चलने वाली होनी चाहिए। संगठन में प्रत्येक स्तर पर उचित सामाजिक प्रतिनिधित्व होना चाहिए। सभी वर्गों के महापुरुषों का मन में सम्मान होना चाहिए। समाज को टूटने से बचाने के लिए सभी की बातों को ध्यानपूर्वक सुनना, आक्रामक ना होना जैसे भाव रखने के साथ ही कड़वे घूंट भी पी लेने पड़ते हैं। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आसपास हो रही असामाजिक गतिविधियों से अनभिज्ञ न रहे, उसकी दृष्टि पैनी होनी चाहिए। प्रार्थना सभा में सामाजिक सरोकार के विषय जोड़े जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं के स्वरोजगार के लिए कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण दिए जाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के तृतीय सत्र में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री घनश्याम ने कहा कि शिक्षक संघ राष्ट्रीय केवल शिक्षक ही नहीं अपितु शिक्षा, समाज और विद्यार्थियों के हित में समय-समय पर सुझाव रखता है, जिन पर शीघ्र विचार कर क्रियान्वित करना चाहिए। शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने सभी संवर्गों की डीपीसी करने, प्रवेशिका को वरिष्ठ उपाध्याय स्कूल में परिवर्तित करने, तीन गुरुकुलों की स्थापना की घोषणा करने, कोटा में सैनिक स्कूल बनाने, संस्कृत शिक्षा में डीईओ पद स्वीकृत करने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार जताया। इसके साथ ही प्रताड़ित शिक्षकों को पुनः लाने, तृतीय वेतन श्रंखला के स्थानांतरण एवं पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करने एवं वरिष्ठ व्याख्याता पद पर पुनर्विचार करने या उन्हें एल 15 दिए जाने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने सभी अतिथियों एवं पधारे प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्री सहित सभी शिक्षक साथियों, पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।