मंदिर निर्माण की खुशी में सेवा सदन में पौधारोपण किया गया

जयपुर, 07 अगस्त। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण भूमि पूजन की खुशी में संघ व सेवा भारती के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सेवा सदन में पौधारोपण किया। कार्यकर्ताओं द्वारा फलदार व औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान एक ड्रम में 13 पौधे लगाकर रसोई बगिया लगाई गई, जिसमें लगभग 10 वर्ष तक रसोई का वेस्ट डाला जा सकेगा। इस दौरान संघ के अखिल भारतीय बौद्धिक शिक्षण प्रमुख स्वांत रंजन, अखिल भारतीय घुमंतू कार्य प्रमुख दुर्गादास, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशचंद, सेवा प्रमुख शिवलहरी, सेवा भारती के महानगर अध्यक्ष नवल बगड़िया, गिरधारी, धरम चन्द आदि ने पौधे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण गतिविधि के जयपुर प्रान्त संयोजक अशोक शर्मा द्वारा मंत्रोच्चरण व महानगर संयोजक हनुमान प्रसाद शर्मा व एनजीओ प्रमुख श्रीकांत शर्मा द्वारा अपना संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र, भारती भवन कार्यालय प्रमुख सुदामा, प्रांत पर्यावरण संयोजक अशोक शर्मा, ओमप्रकाश भारती, अनिल शुक्ला, गजेन्द्र अवस्थी, द्वारका प्रसाद, गीता पुरोहित आदि उपस्थित रहे।