जयपुर जू में शुतुरमुर्ग के प्रजनन में मिली सफलता, पहली बार अंडे से निकला चूजा

जयपुर जू में शुतुरमुर्ग के प्रजनन में मिली सफलता, पहली बार अंडे से निकला चूजा
जयपुर के रामनिवास बाग स्थित जंतुआलय से एक महत्वपूर्ण समाचार प्राप्त हुआ है। चैन्नई से मार्च 2021 में लाए गए शुतुरमुर्ग के जोड़े में से मादा शुतुरमुर्ग ‘अवंतिका’ ने फरवरी 2025 में 11 अंडे दिए थे। इनमें से एक अंडे से चूजा सफलतापूर्वक बाहर निकला है, जो राजस्थान में शुतुरमुर्ग के अंडे से चूजा निकलने का पहला मामला है।
सहायक वन संरक्षक प्राची चौधरी ने बताया कि चूजा पूर्ण रूप से स्वस्थ है और उसका व्यवहार सामान्य है। उसकी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, और चूजे व मादा शुतुरमुर्ग को छह प्रकार के अनाज का दलिया एवं आवश्यक दवाइयां प्रदान की जा रही हैं। शेष अंडों का इंक्यूबेशन (उष्मायन) जारी है, क्योंकि अंडों से चूजा बाहर आने में कम से कम छह सप्ताह का समय लगता है।
यह उल्लेखनीय है कि जून 2022 में भी इस जोड़े ने अंडे दिए थे, लेकिन तब चूजे नहीं निकल सके थे। इस बार की सफलता से जंतुआलय के कर्मचारियों में उत्साह है, और वे शेष अंडों से भी चूजे निकलने की आशा कर रहे हैं।
वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अशोक तंवर ने बताया कि शुतुरमुर्ग के सफल प्रजनन में उनका आहार और प्राकृतिक वातावरण बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा, विशेषज्ञों की मदद से शुतुरमुर्ग की देखभाल की जा रही है। इस सफल प्रजनन के बाद आशंका जताई जा रही है कि बाकी अंडों से भी चूजे बाहर आएंगे।