लड़के फब्तियां कसते हैं और अश्लील कमेंट करते हैं, महिलाएं सुना रहीं आपबीती

लड़के फब्तियां कसते हैं और अश्लील कमेंट करते हैं, महिलाएं सुना रहीं आपबीती
जयपुर। हिन्दुओं के पलायन को लेकर कुछ समय पहले कैराना चर्चा में आया था, इस बार जयपुर का शास्त्रीनगर चर्चा में है। यहॉं मुस्लिम जनसंख्या इतनी बढ़ गई है कि हिन्दू परिवार अपने घरों में भी अपने आपको सुरक्षित नहीं पा रहे और घर बेचकर अन्यत्र जा रहे हैं। इस पलायन पर सर्व समाज ने जागरूकता और एकजुटता दिखाते हुए हिन्दू परिवारों से पलायन न करने की अपील की है। गुरुवार को यहॉं के भट्टा बस्ती, शिवाजी नगर और सुभाष चौक क्षेत्र में घरों के बाहर कुछ ऐसे ही पोस्टर चिपके मिले, जिन पर लिखा था– “पलायन को रोकें। सभी सनातन भाइयों–बहनों से निवेदन है कि अपना मकान गैर हिन्दुओं को ना बेचें। निवेदक– सर्व हिन्दू समाज।”
भट्टा बस्ती थाना प्रभारी कैलाश चन्द्र ने पोस्टर लगाए जाने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि लोगों ने स्वयं अपने घरों के बाहर पोस्टर लगाए हैं। स्थानीय लोगों ने भी स्वयं पोस्टर लगाना स्वीकार किया है। पोस्टर लगाने के बाद यहां पहुंच रहे मीडियाकर्मियों को लोग आपबीती भी सुना रहे हैं। महिलाएं इस बारे में खुल कर बता रही हैं कि किस प्रकार उनके साथ छेड़छाड़ की घटनाएं आम हो गई हैं। उनका कहना है यहां दिनोंदिन गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ती देखकर कई हिन्दू परिवारों ने अपने मकान बेच दिए हैं। खरीदने वाले अधिकांश मुसलमान हैं। वे यहां रात के समय उपद्रव करते हैं। देर रात गलियों में घूमते रहते हैं। एक जगह टोली बना कर खड़े हो जाते हैं। जब इनका विरोध करते हैं तो ये हमें परेशान करते हैं, झगड़ा करने लगते हैं।
स्थानीय निवासी राकेश ने बताया कि कई लोग हमारे बच्चों को जानबूझकर टारगेट कर रहे हैं और उन्हें स्मैक–गांजा तक बेच रहे हैं। देर रात तेज बाइक दौड़ाते हैं और रेस लगाते हैं। स्थानीय सरस्वती ने बताया कि उनकी बच्चियां सरकारी स्कूल में पढ़ती हैं। उनकी चिंता रहती है। घर से बाहर निकलना दूभर हो चुका है। लड़के फब्तियां कसते हैं और अश्लील कमेंट करते हैं। एक महिला ने बताया कि जब स्कूल से छुट्टी होने पर बच्चियां घर लौटती हैं तो यहां बड़ी संख्या में लड़के एकत्रित हो जाते हैं। सीटियां बजाते हैं। चोरी की वारदातें भी बढ़ गई हैं। कुछ अन्य स्थानीय हिन्दू निवासियों ने बताया कि रात को उनके घरों के दरवाजे पीटे जाते हैं। उन पर घर को बेचकर कहीं और चले जाने का दबाव बनाया जाता है। कभी–कभार घरों पर पत्थर भी चलते हैं।
एक महिला ने बताया मोहल्ले में मंदिर के पास ही मीट की दुकान खोल दी गई है। इसे बकरा मंडी बना दिया गया है। आए दिन कोई न कोई प्रॉपर्टी डीलर आकर हमसे पूछता है कि क्या आप मकान बेचना चाहते हैं?
उल्लेखनीय है, जयपुर में एक वर्ष पहले किशनपोल और ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पलायन संबंधी ऐसे ही पोस्टर लगाने का मामला सामने आया था।
पुलिस थाने में सुनवाई नहीं
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके लिए पुलिस थाने भी जा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे परेशान होने के बाद ही घरों के बाहर पलायन वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
पुलिस ने हटवाए पोस्टर
पुलिस ने क्षेत्र में चस्पां किए पोस्टर हटवा दिए हैं। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी कैलाश चन्द्र ने बताया कि कई जगह स्थानीय लोगों की सहायता से कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों से कहा गया है कि किसी को परेशानी हो तो वह अपनी समस्या रख सकता है।