क्राँतिकारियों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन की जड़ें हिलाने वाले अद्भुत योद्धा चन्द्रशेखर आजाद 

क्राँतिकारियों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन की जड़ें हिलाने वाले अद्भुत योद्धा चन्द्रशेखर आजाद 

रमेश शर्मा

इतिहास स्मृति / 23 जुलाई 1906- सुप्रसिद्ध क्राँतिकारी चन्द्र शेखर आजाद का जन्म 

क्राँतिकारियों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन की जड़ें हिलाने वाले अद्भुत योद्धा चन्द्रशेखर आजाद क्राँतिकारियों को एकजुट कर अंग्रेजी शासन की जड़ें हिलाने वाले अद्भुत योद्धा चन्द्रशेखर आजाद 

महान क्राँतिकारी चन्द्रशेखर आजाद एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भारत के क्राँतिकारियों को एकजुट कर बंगाल से पंजाब तक अंग्रेजी शासन की जड़ें हिला दी थीं। 

उनका जन्म 23 जुलाई, 1906 को मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के अंतर्गत ग्राम भावरा में हुआ था। उनके पूर्वज उत्तर प्रदेश के बदरका ग्राम के रहने वाले थे। लेकिन प्राकृतिक और राजनैतिक विषम परिस्थितियों के चलते उन्होंने अपना पैतृक ग्राम छोड़ा और अनेक स्थानों से होते हुए 1905 के आसपास पिता सीताराम तिवारी झाबुआ आ गये। यहीं बालक चन्द्रशेखर का जन्म हुआ। पिता सीताराम तिवारी और माता जगरानी देवी के परिवार ने 1857 की क्रांति के बाद अंग्रेजों का दमन झेला था। वह सामूहिक दमन था, गाँव के गाँव फाँसी पर चढ़ाये गये थे। अंग्रेजों के इस दमन की परिवार में अक्सर चर्चा होती थी। बालक चन्द्रशेखर ने इस दमन की कहानियाँ बचपन से सुनी थीं। इस कारण उनके मन में अंग्रेजी शासन के प्रति एक वितृष्णा का भाव जागा था, उन्हें गुस्सा आता था अंग्रेजों पर। भावरा गाँव वनवासी बाहुल्य प्रक्षेत्र था। अन्य परिवार गिने चुने ही थे। ये परिवार वही थे, जो आजीविका या नौकरी के लिये वनवासी क्षेत्र से आकर बसे थे। इस कारण बालक चन्द्रशेखर की टीम में सभी वनवासी बालक ही जुटे। इसका लाभ यह हुआ कि बालक चन्द्रशेखर ने धनुष बाण चलाना, निशाना लगाना और कुश्ती लड़ना बचपन में ही सीख लिया था। उन दिनों वनवासी गाँवों के आसपास के वन्यक्षेत्र में वन्यजीवों का बाहुल्य हुआ करता था। वन्यजीवों की अनेक प्रजातियाँ हिंसक भी होती थीं। इसलिये वनवासी गाँव के निवासियों को आत्मरक्षा की कला बचपन से आ जाती थी। बालक चन्द्रशेखर भी इन्हीं विशेषताओं को सीखते हुए बड़े हुए। परिवार का वातावरण राष्ट्रभाव, स्वायत्तता और स्वाभिमान के बोध भाव से भरा था। इस पर गाँव का प्राकृतिक और सामाजिक वातावरण। इन दोनों विशेषताओं से बालक चन्द्रशेखर की मानसिक और शारीरिक दोनों में तीक्ष्णता समृद्ध हुई। उनमें सक्षमता और स्वायत्तता का बोध भी जागा। 1919 में जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में देश भर में विरोध प्रदर्शन हुए। किशोरवय चन्द्रशेखर ने इसमें भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। लेकिन उनकी दृढ़ता और संकल्पशीलता का परिचय तब मिला, जब वे मात्र चौदह वर्ष के थे। यह 1920 की घटना है। वे आठवीं कक्षा में पढ़ते थे। आयु बमुश्किल चौदह वर्ष की रही होगी। जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद पूरे देश में अंग्रेजों के विरुद्ध वातावरण बनने लगा था। यह क्रम लगभग वर्ष भर चला। चूंकि तब संचार माध्यम इतने प्रबल नहीं थे। जहां जैसा समाचार पहुँचता लोग अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते। गाँव गाँव में बच्चों की प्रभात फेरी निकालने का क्रम चल रहा था। अनेक स्थानों पर प्रशासन ने प्रभात फेरियों पर पाबंदी लगा दी थी। झाबुआ जिले में भी पाबंदी लगा दी गयी थी। पर भावरा गाँव में यह प्रभात फेरी बालक चन्द्रशेखर ने निकाली। उन्होंने किशोर आयु में ही किसी प्रतिबंध की परवाह नहीं की और अपने मित्रों को एकत्र कर कक्षा का बहिष्कार किया। बच्चों को एकत्र किया और खुलकर प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी में रामधुन के साथ स्वतंत्रता के नारे भी लगाये। बालक चन्द्रशेखर और कुछ किशोरों को पकड़ लिया गया। बच्चों को चांटे लगाये गये, माता-पिता को बुलवाया गया, कान पकड़ कर क्षमा मांगने को कहा गया। चन्द्रशेखर ने क्षमा नहीं माँगी और न अपनी गलती स्वीकारी, उल्टे भारत माता की जय का नारा लगा दिया। इससे नाराज पुलिस ने उन्हें जिला मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया और पन्द्रह बेंत मारने की सजा सुना दी। उनका नाम पूछा तो उन्होंने अपना नाम “आजाद” बताया। पिता का नाम “स्वतंत्र” और घर का पता “जेल” बताया। यहीं से उनका नाम चंद्रशेखर तिवारी के बजाय चन्द्रशेखर आजाद हो गया।

बेंत की सजा देने के लिये उनके कपड़े उतारकर निर्वसन किया गया। खंबे से बांधा गया और बेंत बरसाये गये। हर बेंत उनके शरीर की खाल उधेड़ता रहा और वे भारत माता की जय बोलते रहे। बारहवें बेंत पर अचेत हो गये फिर भी बेंत मारने वाला न रुका। उसने अचेत देह पर भी बेंत बरसाये। लहूलुहान किशोर वय चन्द्रशेखर को उठा घर लाया गया। ऐसा कोई अंग न था जहाँ से रक्त का रिसाव न हो। उन्हें स्वस्थ होने में एक माह से अधिक का समय लगा। इस घटना से चन्द्रशेखर आजाद की दृढ़ता और बढ़ी। इसका उल्लेख पर पूरे भारत में हुआ। सभाओं में उदाहरण दिया जाने लगा।

अपनी शालेय शिक्षा पूरी कर चन्द्रशेखर पढ़ने के लिये बनारस आये। उन दिनों बनारस क्राँतिकारियों का एक प्रमुख केन्द्र था। यहां उनका परिचय सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी मन्मन्थ नाथ गुप्त और प्रणवेश चटर्जी से हुआ और वे सीधे क्राँतिकारी गतिविधियों से जुड़ गये। आंरभ में उन्हें क्राँतिकारियों के लिये धन एकत्रित करने का काम मिला। यौवन की देहरी पर कदम रख रहे चन्द्रशेखर आजाद ने युवकों की एक टोली बनाई और उन जमींदारों या व्यापारियों को निशाना बनाना शुरू किया, जो अंग्रेज परस्त थे। इसके साथ यदि सामान्य जनों पर अंग्रेज सिपाही जुल्म करते तो बचाव के लिये आगे आते। उन्होंने बनारस में कर्मकांड और संस्कृत की शिक्षा ली थी। उन्हें संस्कृत संभाषण का अभ्यास भी खूब था। अतएव अपनी सक्रियता बनाये रखने के लिये उन्होंने अपना नाम हरिशंकर ब्रह्मचारी रख लिया और झाँसी के पास ओरछा में अपना आश्रम भी बना लिया। बनारस से लखनऊ कानपुर और झाँसी के बीच के सारे क्षेत्र में उनकी धाक थी। वे अपने लक्षित कार्य को पूरा करते और आश्रम लौट आते। क्रांतिकारियों में उनका नाम चन्द्रशेखर आजाद था तो समाज में हरिशंकर ब्रह्मचारी। उनकी रणनीति के अंतर्गत ही सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी भगतसिंह अपना अज्ञातवास बिताने कानपुर आये थे। 1922 के असहयोग आन्दोलन में जहाँ उन्होंने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया, वहीं 1927 के काकोरी कांड, 1928 के सेन्डर्स वध, 1929 के दिल्ली विधानसभा बम कांड, और 1929 में दिल्ली वायसराय बम कांड में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। यह चन्द्रशेखर आजाद का ही प्रयास था कि उन दिनों भारत में जितने भी क्राँतिकारी संगठन सक्रिय थे सबका एकीकरण करके 1928 में हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी का गठन हुआ। इन सभी गतिविधियों की सूचना तब अंग्रेज सरकार को लग रही थी। उन्हें पकड़ने के लिये लाहौर से झाँसी तक लगभाग सात सौ खबरी लगाये गये थे। इसकी जानकारी चन्द्रशेखर आज़ाद को भी लग गयी थी। अतएव कुछ दिन अप्रत्यक्ष रूप से काम करने की रणनीति बनी। वे हरिशंकर ब्रह्मचारी के रूप में ओरछा आ गये। उस समय के कुछ क्राँतिकारी भी साधु वेष में उनके आश्रम में रहने लगे थे। लेकिन क्राँतिकारी आंदोलन के लिये धन संग्रह का दायित्व अभी भी चन्द्रशेखर आजाद के पास ही था। वे हरिशंकर ब्रह्मचारी वेष में ही यात्रायें करते और धन संग्रह करते। धनसंग्रह में उन्हें मोतीलाल नेहरू का भी सहयोग मिला।

वे जब भी आर्थिक सहयोग के लिये प्रयाग जाते या मोतीलाल नेहरू से मिलने की योजना बनती, तब वे हमेशा इलाहाबाद के बिलफ्रेड पार्क में ही ठहरते थे। वे संत के वेश में होते थे। बाद में यही पार्क उनके बलिदान का स्थान बना। वह 27 फरवरी 1931 का दिन था। पूरा खुफिया तंत्र उनके पीछे लगा था। वे 18 फरवरी को इस पार्क में पहुंचे थे। यद्यपि उनके पार्क में पहुंचने की तिथि पर मतभेद है, लेकिन वे 19 फरवरी को मोतीलाल नेहरू की तेरहवीं में शामिल हुए थे। तेरहवीं के बाद उनकी कमला नेहरू से भेंट भी हुई। कमला नेहरू यह जानती थीं कि मोतीलाल नेहरू क्राँतिकारियों को सहयोग करते थे। उनके कहने पर चन्द्रशेखर आजाद 25 फरवरी को आनंद भवन में नेहरू से मिलने पहुंचे। इस बातचीत का विवरण कहीं नहीं है। नेहरू ने अपनी आत्मकथा में क्राँतिकारियों की गतिविधियों पर नकारात्मक टिप्पणी की है और चन्द्रशेखर आजाद को फ़ासीवादी भी लिखा है। जो भी हो। चन्द्रशेखर आजाद पार्क में ही रहे और 27 फरवरी को पुलिस से बुरी तरह घिर गये। पुलिस द्वारा उन्हें घेरने से पहले सीआईडी ने पूरा जाल बिछा दिया था। मूंगफली और दातून आदि बेचने के बहाने पुलिस पूरे पार्क में तैनात हो गयी थी। 27 फरवरी को सबेरे सबेरे एनकाउन्टर आरंभ हुआ, जो अधिक देर न चल सका। यह तब तक ही चला जब तक उनकी पिस्तौल में गोलियाँ रहीं। वे घायल हो गये थे और अंतिम गोली बची तो उन्होंने अपनी कनपटी पर मार ली। वे आजाद ही जिये और आजाद ही विदा हुए।

उनके बलिदान के बाद अंग्रेजों ने उनके शव का अपमान किया और दहशत पैदा करने के लिये उसे पेड़ पर लटकाया। यह समाचार कमला नेहरू तक पहुंचा। उस समय पुरुषोत्तमदास टंडन आनंद भवन आये थे। कमला नेहरू अपने साथ टंडन जी को लेकर पार्क पहुँचीं। अंग्रेजी अफसरों से बात की। शव उतरवाया और सम्मान पूर्वक अंतिम संस्कार का प्रबंध किया।

विलफ्रेड पार्क में उनके होने की सूचना अंग्रेजों को कैसे लगी इस बिन्दु पर अलग-अलग इतिहासकारों के अलग अलग मत हैं। माना यही जाता है कि सूचना जवाहरलाल नेहरू ने दी थी।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *