खानुआ में श्रीराम शोभायात्रा

खानुआ। अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा से हर तरफ खुशी और उत्साह का वातावरण है। सभी 500 वर्ष के संघर्ष के सकारात्मक परिणाम के आनंद को व्यक्त कर रहे हैं। ऐतिहासिक भूमि खानुआ पर श्री राम जी की शोभायात्रा निकाल कर इस आनंद की अभिव्यक्ति की गई।
यह शोभायात्रा नगला ओदी में आरती होने के पश्चात प्रारंभ हुई और नगला कलुआ, नगला जोगी होती हुई ऐतिहासिक गांव खानवा के मुख्य मार्गों से निकलती हुए पंजाबी मोहल्ला स्थित श्री राम मंदिर पहुंची, जहॉं यात्रा का समापन हुआ। शोभा यात्रा में गांव की महिलाएं 2100 कलश उठाए हुए थीं। कलश यात्रा एवं श्री राम जी की झांकी पर उपस्थित लोगों ने पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस कलश यात्रा एवं झांकी को देखने के लिए खानुआ गांव के बंधु एवं भगिनियों के साथ-साथ आसपास के गांव के लगभग 5000 लोग इकट्ठा हुए। उपस्थित बंधुओं ने भगवान श्री राम जी की शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया।