भारत में स्वयं मिल सकता है गुलाम कश्मीर

भारत में स्वयं मिल सकता है गुलाम कश्मीर

प्रमोद भार्गव

भारत में स्वयं मिल सकता है गुलाम कश्मीरभारत में स्वयं मिल सकता है गुलाम कश्मीर

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आशा से भरा एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गुलाम कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, इस पर पाकिस्तान का कोई अधिकार नहीं है। यहां के लोग पाकिस्तान से तंग हैं, अतएव वे स्वयं ही ऐसा कुछ करेंगे कि भारत का हिस्सा बन जाएं।किसी नेता ने ऐसा बयान शायद पहली बार दिया है कि गुलाम कश्मीर के लोग स्वयं ही भारत में विलय हो जाएं। संभव है भारत की यह ऐसी किसी रणनीति का हिस्सा हो, जिसके निकट भविष्य में फलीभूत होने की संभावना हो? इसी का राजनाथ सिंह ने संकेत दिया हो। उन्होंने यह बात जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित सुशासन भी, सुरक्षा भीविषय पर बोलते हुए कही। हालांकि इसमें कोई दो राय नहीं कि बंटवारे के समय के हस्ताक्षरित दस्तावेजों के अनुसार संपूर्ण पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा है। पाकिस्तान ने उस पर अवैध कब्जा किया हुआ है। 

इस विलय के संबंध में सर्वसम्मति से संसद में प्रस्ताव भी पारित होते रहे हैं। 1994 में पीवी नरसिंह राव की सरकार में भी इस हेतु एक प्रस्ताव पारित हुआ था। चूंकि पीओके भारत का हिस्सा है। इसलिए जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पीओके क्षेत्र की बनाई गईं चौबीस सीटें फिलहाल खाली रखनी पड़ती हैं। दरअसल भारत कश्मीर मुद्दे पर अब तक असफल इसलिए रहा, क्योंकि उसने आक्रामकता दिखाने की बजाय रक्षात्मक रवैया अपनाया हुआ था। इससे लाखों हिन्दुओं को विस्थापन का दंश तो झेलना पड़ा ही, यह पूरा क्षेत्र आतंक व अलगाव की चपेट में भी आ गया। परिणामस्वरूप अब तक 42 हजार से भी अधिक लोगों को मौत के मुंह में जाना पड़ा। 

विभाजन की जिस अव्यावहारिक व अप्राकृतिक मांग के आगे नेहरू समेत हमारे तत्कालीन नेता नतमस्तक होते चले गए थे, उससे न केवल जम्मू-कश्मीर, बल्कि पीओके, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश को भी विभाजन का दर्द झेलना पड़ा है। जबकि विभाजन के समय ही यह साफ लगने लगा था कि यह अखंड भारत की विरासत को खंडित करने की अंग्रेजी हुकूमत की कुटिल चाल है। बावजूद कांग्रेस नेता यह नहीं समझ पाए कि जो शेख अब्दुल्ला मुस्लिम कांफ्रेंसका गठन कर कश्मीर की सामंती सत्ता से मुठभेड़ कर रहा है, उसे शह मिलती रही तो वह भस्मासुर भी बन सकता है? 1931-32 में शेख की मुलाकात नेहरू तथा खान अब्दुल्ल गफ्फार खान से हुई। इन्हें सीमांत गांधी भी कहा जाता है। इस गुफ्तगू से शेख को इतनी शक्ति और दृष्टि मिली कि शेख ने अपनी स्वार्थपूर्ति के लिए मुस्लिम कांफ्रेंससे मुस्लिम शब्द हटा दिया और नेशनलजोड़ दिया। जिससे राष्ट्रीयता का भ्रम हो। इसी समय जिन्ना ने पृथकतावादी अभियान चला दिया। फिरंगी शासक तो चाहते भी यही थे कि भारत को स्वतंत्रता रिलीजन के आधार पर बंटवारे की परिणति में मिले। आमतौर से ऐसा माना जाता है कि कश्मीर समस्या 1947 के बाद पनपी व विकसित हुई। जबकि वास्तव में इसकी शुरुआत जम्मू-कश्मीर के महाराजा गुलाब सिंह के दरबार में अंग्रेज रेजिमेंटकी नियुक्ति के साथ ही हो गई थी। किंतु अंग्रेज नाकाम रहे। इसी समय दुर्भाग्य से कश्मीर के गिलगिट क्षेत्र के राजा रणवीर सिंह का देहांत हो गया। अंग्रेजों ने शोक में डूबे राज-परिवार की इस कमजोरी को एक अवसर माना और सक्रियता बढ़ा दी।

दरअसल अंग्रेजों ने 1885 में ही यह योजना बना ली थी कि किसी भी तरह जम्मू-कश्मीर के दुर्गम व सुरक्षित क्षेत्र गिलगिट व बाल्टिस्तान पर कब्जा करना है। जिससे अमेरिका की सैन्य गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित स्थान मिल सके। अमेरिका इसे सोवियत संघ पर शिकंजा कसने की दृष्टि से उपयुक्त क्षेत्र मान रहा था। लिहाजा अंग्रेजों ने षड्यंत्रपूर्वक इस क्षेत्र को गिलगिट एजेंसीनाम देकर 1889 में अपने कब्जे में ले लिया। इसके अधीनता में आते ही सिंधु नदी के पूर्व और रावी नदी के पश्चिमी तट तक समूचे पर्वतीय भू-भाग पर अंग्रेजों का नियंत्रण हो गया। इस समय गिलगिट में प्रताप सिंह, राजा रणवीर सिंह के उत्तराधिकारी के रूप में शासक थे। प्रतापसिंह अंग्रेजों के षड्यंत्र का शिकार हो गए। गुलाब सिंह की मृत्यु के बाद हरिसिंह जब राजा बने, तो 1925 में उनकी आंखें खुलीं और गिलगिट के षड्यंत्र को समझा। तब हरिसिंह ने साहस व सख्ती से काम लेते हुए अपनी सेना गिलगिट भेजकर अंग्रेजी सेना को गिलगिट छोड़ने को विवश कर दिया और यूनियन जैक उतारकर कश्मीरी झंडा किले पर फहरा दिया। यह अप्रत्याशित घटनाक्रम अंग्रेजों को एक शूल की तरह चुभता रहा।

1930 में जब स्वतंत्रता आंदोलन एक प्रखर राष्ट्रवाद के रूप में देशव्यापी हो गया तो इस राजनीतिक समस्या के हल के बहाने लंदन में गोलमेज सम्मेलन आहूत किया गया। भारतीय राजाओं के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में हरिसिंह ने इसमें भाग लिया। यहां हरिसिंह ने गिलगिट बाल्टिस्तान समेत, संपूर्ण जम्मू-कश्मीर को संघीय राज्यबना देने की पुरजोर पैरवी की। किंतु यह मांग अंग्रेजों की मंशा के अनुकूल नहीं थी, इसलिए सिरे से खारिज कर दी। यहां अंग्रेजों ने गिलगिट क्षेत्र से हरिसिंह द्वारा अंग्रेज सेना की बेदखली की गई थी, उसके प्रतिकार स्वरूप षड्यंत्र तो रचा ही, औपनिवेशिक कूटनीति व भारत को विभाजित करने की मंशा को फलीभूत देखने की दृष्टि से शेख अब्दुल्ला को महत्व देकर उसे कश्मीरी शासक के विरुद्ध उकसाना शुरू कर दिया। परिणामस्वरूप शेख ने अलगाववादी संगठन मुस्लिम कांफ्रेंसकी नींव डाल दी। इसी दौरान शेख की मुलाकात नेहरू से हुई, जो मित्रता में बदल गई।  1932 से ही शेख ने कश्मीर पर अवैध कब्जे के लिए जंग छेड़ दी।

इसके बाद से लेकर 1947 तक के कालखंड में 1942 की अगस्त क्रांति तथा आजाद हिंद फौज के अभियान और दूसरे विश्व युद्ध की समाप्ति के बाद जब फिरंगी हुकूमत के विरुद्ध जबरदस्त असंतोष और सशस्त्र संघर्ष की घटनाएं आम हो गईं तो अंग्रेजों ने अनुभव किया कि अब भारत पर नियंत्रण संभव नहीं है, तब उन्होंने भारतीय रियासतों के विलीनीकरण के लिए धार्मिक व क्षेत्रीय उपराष्ट्रीयताओं को भी उकसाना शुरू कर दिया। फलतः शेख समेत अनेक हिंदू व मुस्लिम नरेशों में एक नए स्वतंत्र देश पर राज करने की मनोकामना अंगड़ाई लेने लगी। जबकि रियासतों का विलय भारतीय राष्ट्र को अखंड भारत का रूप देकर एक सशक्त व एकीकृत संविधान द्वारा संचालित राजनीतिक इकाई का निर्माण करना था। इसी समय शेख ने स्वतंत्र कश्मीर का सुल्तान बनने का सपना देखना शुरू कर दिया। मुस्लिम लीग तो जिन्ना के नेतृत्व में पहले से ही मुसलमानों के लिए पृथक मुस्लिम देश बनाने की मांग कर रही थी।

1946 में शेख ने हरिसिंह के विरुद्ध महाराजा कश्मीर छोड़ो आंदोलनछेड़ दिया। 20 मई 1946 को शेख ने श्रीनगर की मस्जिदों का दुरुपयोग करते हुए सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की घोषणा कराई। परिणामस्वरूप शेख की गिरफ्तारी हुई और उन्हें तीन साल की सजा सुनाई गई। इस गिरफ्तारी के बाद कश्मीर की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी। किंतु यह गिरफ्तारी नेहरू को रास नहीं आई। नेहरू ने शेख की गिरफ्तारी को गलत ठहराते हुए दिल्ली के राजनीतिक हलकों में हरिसिंह को दोषी ठहराना शुरू कर दिया। नेहरू शेख को छुड़ाने के लिए इतने उतावले हो गए कि जब देश स्वतंत्रता संग्राम की निर्णायक लड़ाई लड़ रहा था, तब 19 जून 1946 को नेशनल ऐयरवेज के हवाई जहाज से लाहौर होकर रावलपिंडी पहुंचे और फिर रावलपिंडी से जीप द्वारा श्रीनगर पहुंच गए। कश्मीरी हिंदुओं ने नेहरू को समझाइश दी कि आपको गुमराह किया जा रहा है, महाराजा अपनी जगह सही हैं। किंतु नेहरू को ये शब्द कानों में पिघले शीशे की तरह लगे।  हरिसिंह ने नेहरू का कहना नहीं माना तो सत्याग्रहकी घोषणा कर दी। मित्रता के भुलावे में नेहरू द्वारा की गई यह भूल और शेख को छुड़ाने की जिद व जुनून कालांतर में ऐतिहासिक भूल साबित हुए। हरिसिंह ने कठोरता बरतते हुए नेहरू के हठ को सर्वथा नकार दिया और उन्हें हिरासत में लेकर कश्मीर की सीमा से बाहर का रास्ता दिखाकर रिहा कर दिया।

नेहरू ने इस आचरण को नितांत अव्यवहारिक माना और हरिसिंह से बदला लेने का संकल्प ले लिया। इसलिए देश की 562 रियासतों को विलय करने का जो दायित्व पटेल बड़ी चतुराई से संभाल रहे थे, उसमें एक जम्मू-कश्मीर का दायित्व नेहरू ने जबरदस्ती अपने हाथ ले लिया। इसी कालखंड में 24 अगस्त 1946 को नेहरू के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बना दी गई। यह वह दौर था, जब पूरे भारत में सांप्रदायिक दंगों के साथ अनिश्चय, अविश्वास एवं अराजक वातावरण छाया हुआ था। इसी समय 20 फरवरी 1947 को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री क्लीमेंट एटली ने ऐतिहासिक घोषणा की, कि जून 1948 तक भारत को स्वतंत्र कर दिया जाएगा। इस घोषणा के परिणाम की ज़िम्मेदारी एडमिरल लुईस माउंटबेटन को सौंपी गई। 24 मार्च 1947 को वायसराय के रूप में माउंटबेटन ने भारत के प्रशासनिक दायित्व अपने हाथ में ले लिए। माउंटबेटन ने अलग-अलग गोपनीय मुलाकतें लीगी व कांग्रेसी नेताओं से करके भारत विभाजन का संकल्प गांधी के विरोध के बावजूद ले लिया। अंततोगत्वा 4 जुलाई 1947 को ब्रिटेन की संसद के दोनों सदनों में भारतीय स्वतंत्रता विधेयक-1947‘ पेश कर दिया, जो मत-विभाजन से पारित हो गया। 18 जुलाई 1947 को ब्रिटिश हुकूमत ने अनुमोदन भी कर दिया। इसी विधेयक के अंतर्गत भारत को धर्म के आधार पर दो स्वतंत्र औपनिवेशिक राज्यों में बांट दिया गया।

जम्मू-कश्मीर रियासत का विलय नेहरू के हाथ में था। डोगरा राजा हरिसिंह जहां कश्मीर को लेकर स्वतंत्र राज्य की परिकल्पना कर रहे थे, वहीं उनके प्रधानमंत्री रामचंद्र काक पाकिस्तान के साथ विलय पर विचार कर रहे थे, क्योंकि उनकी पत्नी यूरोपियन थीं, इसलिए उनकी आंखें मुंद गई थीं। इसी अनिश्चितता के दौर में 22 अक्टूबर 1947 को शेख की शह पर पाक फौज जीपों व ट्रकों पर सवार होकर कश्मीर में चढ़ी चली आई। इस संकट से मुक्ति के लिए हरिसिंह विवश हुए और उन्होंने 26 अक्टूबर 1947 को विलय-पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए।

इसके बाद 27 अक्टूबर 1947 को कबीलाइयों को बेदखल करने के लिए हवाई जहाज से सेना भेज दी गई। भारतीय सैनिकों ने कबीलाइयों को खदेड़ दिया, किंतु दुर्गम क्षेत्र होने के कारण मुजफ्फराबाद का पीओके, गिलगिट व बाल्टिस्तान क्षेत्र पाक के कब्जे में बना रहा। इस परिप्रेक्ष्य में नेहरू जल्दबाजी में संयुक्त राष्ट्र संघ चले गए। संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद् ने इसे विवादित क्षेत्र घोषित कर दिया। परिणामस्वरूप युद्ध विराम तो हो गया, लेकिन कश्मीर की शासन व्यवस्था को लेकर नेहरू, हरिसिंह और शेख के बीच  दिल्ली समझौताहुआ। इस समझौते के आधार पर ही नेहरू ने शेख को जम्मू-कश्मीर की कमान सौंप दी। इसके बाद कश्मीर को विशेष दर्जा देने के लिए 370 का अनुच्छेद पटेल और अंबेडकर के विरोध के बावजूद जोड़ दिया गया। हालांकि अब इस अनुच्छेद को हटा दिया गया है। परिणामस्वरूप अब अवसर है कि गुलाम कश्मीर को पाक के शिकंजे से मुक्त करके भारत में मिला लिया जाए। 

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *