वीरांगना झलकारीबाई का अमर बलिदान

वीरांगना झलकारीबाई का अमर बलिदान

4 अप्रैल 1858/इतिहास स्मृति /झलकारीबाई का बलिदान

रमेश शर्मा

वीरांगना झलकारीबाई का अमर बलिदानवीरांगना झलकारीबाई का अमर बलिदान

भारत के स्वत्व और स्वाभिमान की रक्षा के लिये हुए असंख्य बलिदानों में वीरांगना झलकारीबाई का बलिदान अमर है। उनका संघर्ष स्वयं के लिये नहीं था। न तो स्वयं के लिये राज्य प्राप्ति की चाह थी और न अपना कोई हित। पर उन्होंने संघर्ष किया और जीवन की अंतिम श्वांस तक किया। वे जानतीं थीं कि उनके संघर्ष का अंत विजय नहीं है, अपितु जीवन का बलिदान है। फिर भी उन्होंने प्राणपण का संघर्ष किया और रानी लक्ष्मीबाई को सुरक्षित कालपी पहुँचाया।

ऐसी वीरांगना झलकारीबाई का जन्म 22 नवम्बर 1830 को झांसी के पास ही भोजला गाँव में हुआ था। उनके पिता सदोवर सिंह झाँसी दरबार की सेवा में राजा के निजी अंगरक्षकों में एक विश्वस्त सिपाही थे और माता जमुना देवी धार्मिक विचारों की एक सामान्य गृहणी थीं। वे दो भाइयों के बीच एक बहन थीं। एक भाई बड़े थे, एक उनसे छोटे। जब झलकारी बालवय में थीं, तब ही माता का देहान्त हो गया था। दो भाइयों के बीच उनका लालन पालन एक लड़के की तरह हुआ। उन्होंने घुड़सवारी और विभिन्न हथियार चलाने का अभ्यास बचपन से किया था था। झलकारी बचपन से ही अत्यंत साहसी और दृढ़ प्रतिज्ञ बालिका थीं। इसलिये उनकी गणना एक कुशल योद्धा के रूप में होने लगी थी। झलकारी घर के काम के अलावा पशुओं का रख-रखाव और जंगल से लकड़ी इकट्ठा करने का काम भी करती थीं। उन्होंने अपने जैसी साहसी किशोरियों की एक टोली बना ली थी। ये सब दरबार के सिपाहियों और उनके परिजनों की बेटियाँ थीं। एक बार जंगल में उनकी मुठभेड़ तेंदुए से हो गयी थी, तो झलकारी ने अपनी कुल्हाड़ी से ही उस तेंदुए को मार डाला था। एक अन्य अवसर पर जब डकैतों का एक गिरोह गाँव में घुसा, तब झलकारी ने अपनी टोली के साथ उनका मुकाबला किया और डकैतों को पीछे हटने और भागने पर विवश कर दिया था। उनकी इस बहादुरी से प्रसन्न होकर दरबार में उन्हें सम्मानित किया गया। आगे चलकर उनका विवाह रानी लक्ष्मीबाई की सेना के एक सैनिक पूरन कोरी से हो गया। पूरन भी बहुत बहादुर था और राजा का विश्वास पात्र भी। इस नाते झलकारीबाई का परिचय रानी लक्ष्मीबाई से हो गया। झलकारीबाई कद काठी में बिल्कुल रानी जैसी थीं। रानी ने झलकारीबाई की बहादुरी के प्रसंग सुने थे। कद काठी से भी प्रभावित हुईं। यद्यपि झलकारीबाई रानी लक्ष्मीबाई से आयु में दो वर्ष छोटी थीं, पर उनके चेहरे की बनावट बिल्कुल रानी की भाँति थी। इसलिए उनके प्रति रानी का आकर्षण बढ़ा और वे रानी की विश्वस्त बन गईं।

समय के साथ रानी लक्ष्मीबाई ने अपनी सैन्य शक्ति में बढ़ोत्तरी की और रानी ने झलकारी को दुर्गा सेना संगठित करने का आदेश दिया। झलकारीबाई ने काम आगे बढ़ाया। महिलाओं को आत्मरक्षार्थ तलवार चलाना, बंदूक चलाना सिखाया, कुछ को तोप चलाने का भी प्रशिक्षण दिया। यह वह समय था, जब झांसी की सेना को किसी भी ब्रिटिश दुस्साहस का सामना करने के लिए सक्षम बनाया जा रहा था। उन दिनों डलहौजी भारत का वायसराय था। वह देशी रियासतों को हड़प कर सीधे अंग्रेजी राज्य का शिकंजा कस रहा था। उसकी इस हड़पने की नीति के चलते, ब्रिटिश राजा से निःसंतान लक्ष्मीबाई को उत्तराधिकारी गोद लेने की अनुमति नहीं मिली क्योंकि वे ऐसा करके रियासतों को सीधे अपने नियंत्रण में लेना चाहते थे। ब्रिटिश सरकार की इस कार्रवाई के विरोध में रानी ने कमर कसी और पूरे राज्य की सेना, सभी सेनानायक और झांसी के लोग रानी के साथ लामबंद हो गये और उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय हथियार उठाकर युद्ध करने का संकल्प लिया। अंग्रेज सेना ने फरवरी 1958 में किले की घेराबंदी की। यह घेरा लगभग दो माह चला। मार्च के अंत में दक्षिण द्वार के द्वारपाल दूल्हाजू को अंग्रेजों ने तोड़ लिया। उसने 31 मार्च की रात द्वार खोल दिया। किले के भीतर भयानक युद्ध आरंभ हो गया। 1 अप्रैल 1858 तक रानी लक्ष्मीबाई ने झांसी के किले के भीतर से, अपनी सेना का नेतृत्व किया और ब्रिटिश और उनके स्थानीय सहयोगियों द्वारा किये कई हमलों को असफल कर दिया था, पर अब दूल्हेराव के विश्वासघात से स्थिति बदल गई थी। किले का एक संरक्षित द्वार ब्रिटिश सेना के लिए खुल गया था। अब किले का पतन निश्चित हो गया था। तब रानी के सेनापतियों और झलकारीबाई ने उन्हें कुछ सैनिकों के साथ किला छोड़कर सुरक्षित निकल जाने की सलाह दी। रानी ने अपना वेष बदला और अपने दत्तक पुत्र तथा कुछ विश्वस्त सैनिकों के साथ लेकर झांसी से सुरक्षित निकल गईं और कालपी की ओर चल दीं। झलकारीबाई ने रानी का वेश धारण किया और रानी की भाँति ही युद्ध करने लगीं। अंग्रेज सेना को भनक तक न लगी कि रानी सुरक्षित निकल गईं। रानी के निकलते ही झलकारी बाई के पति पूरन ने किले की दीवार से तेज गोलाबारी शुरू कर दी और किले की रक्षा करते हुए बलिदान हो गया। लेकिन झलकारीबाई ने अपने पति की मृत्यु का शोक मनाने की बजाय युद्ध और तेज कर दिया। झलकारीबाई तो रानी लक्ष्मीबाई की तरह कपड़े पहने थीं और रानी की भाँति ही सेना का संचालन कर रहीं थीं। जो सेना किले के भीतर घुसी उसमें ह्यूरोज नहीं था। झलकारीबाई के आदेश पर किले के सभी दरवाजे खोल दिये गये। झलकारीबाई किले से बाहर निकलीं और ब्रिटिश जनरल ह्यूरोज के शिविर पर टूट पड़ीं। जनरल ह्यूरोज उन्हें रानी ही समझ रहा था। भीषण युद्ध हुआ। अंततः इस निर्णायक युद्ध के दौरान झलकारीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं। इस प्रकार चार दिनों तक झलकारीबाई ने रानी के वेश में युद्ध किया। इन चार दिनों में रानी लक्ष्मीबाई सुरक्षित कालपी पहुँच गई थीं।

झाँसी किले का पतन झलकारीबाई के बलिदान के बाद 4 अप्रैल 1858 को हुआ। ह्यूरोज 5 अप्रैल को किले में प्रविष्ट हुआ। लूट का आदेश दिया। जो लोग बंदी बनाये गये उनका कत्लेआम हुआ। झांसी का किला लगभग अभेद्य था। यदि विश्वासघात न होता तो शायद किले का पतन न होता।

झलकारीबाई की वीरगाथा पर इतिहासकारों की कलम कम चली, पर बुंदेलखंड की लोकगाथाओं और लोकगीतों में वे अमर हैं। भारत सरकार ने 22 जुलाई 2001 को उनके सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया था। उनकी प्रतिमा और एक स्मारक राजस्थान के अजमेर में है, उत्तर प्रदेश सरकार ने उनकी एक प्रतिमा आगरा में स्थापित की है। इसके साथ लखनऊ में उनके नाम पर एक धर्मार्थ चिकित्सालय आरंभ हुआ है। अब समय बदला है। आधुनिक लेखकों ने उन्हें गुमनामी से उभारा है। जनकवि बिहारी लाल हरित ने ‘वीरांगना झलकारी’ काव्य की रचना की है। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे माता प्रसाद ने झलकारीबाई की जीवनी लिखी है। इनके अतिरिक्त साहित्यकार चोखेलाल वर्मा ने उनके जीवन पर एक वृहद काव्य लिखा है। मोहनदास नैमिशराय ने भी उनके जीवन पर पुस्तक लिखी है और भवानी शंकर विशारद ने उनके जीवन परिचय को विस्तृत रूप दिया है। इन नवीन रचनाओं में झलकारीबाई के जीवन, शौर्य और बलिदान की झलक समाज को मिलती है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

1 thought on “वीरांगना झलकारीबाई का अमर बलिदान

  1. झलकारी बाई की गौरव गाथा पर महत्वपूर्ण लेख। लेखक रमेश शर्मा जी को खूब बधाई एवं शुभकामनाएं
    प्रगति गुप्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *