6 मई सन् 1532 : रायसेन किले में 700 क्षत्राणियों समेत रानी दुर्गावती का जौहर 

6 मई सन् 1532 : रायसेन किले में 700 क्षत्राणियों समेत रानी दुर्गावती का जौहर 

रमेश शर्मा 

6 मई सन् 1532 : रायसेन किले में 700 क्षत्राणियों समेत रानी दुर्गावती का जौहर 6 मई सन् 1532 : रायसेन किले में 700 क्षत्राणियों समेत रानी दुर्गावती का जौहर 

मुस्लिम अत्याचार के इतिहास में अनेक ऐसी घटनाएं हैं, जिनकी गाथा से आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इन्हीं में से एक है 6 मई 1532 को रायसेन के किले में हुआ जौहर, जिसमें 700 से अधिक क्षत्राणियां अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ अग्नि को समर्पित हो गईं। इस अग्नि की लपटें मीलों दूर तक देखी गईं थीं। 

यह जौहर महारानी दुर्गावती की अगुवाई में हुआ था। महारानी दुर्गावती मेवाड़ के इतिहास प्रसिद्ध यौद्धा राणा संग्रामसिंह की बेटी थीं। इतिहास की कुछ पुस्तकों में उनकी बहन भी लिखा है। वे चित्तौड़ के सिसोदिया वंश की बेटी थीं। स्वाभिमान और स्वत्व रक्षा उनके रक्त की प्रत्येक बूँद में था। शस्त्र चलाना भी जानती थीं। चित्तौड़ में उन्होंने वीराँगनाओं की टोली गठित की थी। उनका विवाह रायसेन के शासक शीलादित्य के साथ हुआ था। शीलादित्य ग्वालियर के राजा मानसिंह तोमर के भाई थे। शीलादित्य ने खानवा के युद्ध में राणा संग्रामसिंह के साथ बाबर का मुकाबला किया था। खानवा के युद्ध में भारतीय शासकों का भारी नुकसान हुआ था। खानवा युद्ध के बाद बाबर ने कालिंजर पर धावा बोला और गुजरात के सुल्तानों ने मालवा और रायसेन पर। गुजरात के हमलावर रायसेन के किले को जीत तो न सके पर सैन्य शक्ति बहुत कमजोर हो गई थी। कमजोर शक्ति के बाद भी रायसेन में शीलादित्य की सत्ता बनी रही। तब रायसेन जीतने और लूटने के लिये गुजरात के सुल्तान बहादुरशाह ने अपनी कुटिल योजना बनाई। वह धार आया। उसने नालछा में कैंप किया और अनेक भेंट रायसेन भेजीं। महाराजा शीलादित्य को मित्रता संदेश भेजकर धार आमंत्रित किया और धोखे से कैद कर लिया। उन दिनों रायसेन की सीमा उज्जैन और तक लगती थी। उज्जैन में शीलादित्य के भाई लक्ष्मण सिंह किलेदार थे। उन्हें यह समाचार मिला तो वे अपनी सेना लेकर रायसेन की रक्षा के लिये चल दिये। यह समाचार बहादुरशाह को मिला। वह बंदी शीलादित्य को साथ लेकर उज्जैन आया और बंदी शालादित्य को आगे करके उज्जैन पर धावा बोल दिया। यह घटना दिसम्बर 1531 की है। उज्जैन के रक्षकों ने शीलादित्य को बंदी देखा तो बिना संघर्ष के समर्पण कर दिया। उज्जैन में भारी लूट हुई और स्त्रियों का हरण भी। उज्जैन पर अधिकार करने के बाद उसने यही तरकीब सारंगपुर, आष्टा आदि स्थानों पर अपनायी। फिर विदिशा आया। सभी स्थानों पर जमकर लूट हुई। मंदिर ध्वस्त किये और स्त्रियों का हरण किया। अंत में रायसेन आया। उसने रायसेन किले पर घेरा डाला और बंदी शीलादित्य को भारी यातनाएँ देकर किला समर्पित करने का आदेश दिया। बहादुरशाह ने महारानी दुर्गावती को संदेश भेजा कि वे अपने पूरे रनिवास के साथ समर्पण कर दें। समर्पण की अंतिम बातचीत 4 मई 1532 को हुई। यह प्रस्ताव लेकर बहादुरशाह ने अपने एक सिपहसालार मलिक शेर को भेजा। उसके प्रस्ताव को महारानी दुर्गावती एवं किले में उपस्थित शीलादित्य के भाई लक्ष्मण सिंह ने इंकार कर दिया और उसे बंदी बनाकर मौत के घाट उतार दिया। महारानी ने जौहर करने एवं लक्ष्मण सिंह ने साका करने का निर्णय लिया। 5 मई से जौहर की तैयारी आरंभ हुई और 6 मई 1532 को सूर्योदय के साथ अग्नि की लपटें धधक उठीं। किले में जितनी स्त्रियाँ थीं सबने अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ अग्नि में प्रवेश किया। अग्नि की लपटें आसमान छूने लगीं। जौहर की यह अग्नि दिनभर प्रज्जवलित रही। स्वाभिमानी क्षत्राणियों और उनके सहयोगी सभी स्त्रियों ने समर्पण करने की बजाय बलिदान होने को प्राथमिकता दी। यह रायसेन के इतिहास में पहला जौहर हुआ। इसके बाद दो और जौहर का उल्लेख मिलता है। 

अगले दिन 7 मई प्रातः लक्ष्मण सिंह की कमान में निर्णायक युद्ध हुआ। वे अपनी रक्षा सैन्य टुकड़ी सहित बलिदान हो गए। अंत में 10 मई को बहादुर शाह का रायसेन के किले पर आधिपत्य हो गया। 

इतिहास की कुछ पुस्तकों में शीलादित्य का नाम सलहदी और लक्ष्मण सिंह का नाम लक्ष्मण सेन लिखा है। कुछ ने यह भी लिखा है कि बहादुर शाह ने शीलादित्य को धोखे से बंदी बनाकर मुसलमान बनाकर उनका नाम सलाहुद्दीन कर दिया था। पर बात सही नहीं लगती। यह बात सल्तनकाल के इतिहासकारों ने मन से जोड़ी होगी। चूँकि यदि शीलादित्य इस्लाम अपना लेते तो जौहर क्यों होता? साका क्यों होता? जो हो पर रायसेन के किले में इस जौहर का शिलालेख है। आज भी उस स्थल पर स्थानीय नागरिक जाकर शीश नवाते हैं।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *