जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में राजस्थान ने खोए दो वीर सपूत

जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में राजस्थान ने खोए दो वीर सपूत

जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में राजस्थान ने खोए दो वीर सपूतजम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में राजस्थान ने खोए दो वीर सपूत

सोमवार रात को जम्मू कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के चलते देश के चार जवान वीरगति को प्राप्त हो गए, जिनमें दो राजस्थान के झुंझनूं जिले से हैं। इनके नाम अजय सिंह नरूका और बिजेंद्र सिंह हैं।

सिपाही अजय सिंह नरूका (26) मूल रूप से बुहाना तहसील के गाँव भैसावता कलां के रहने वाले थे। उनका परिवार 2007 से पिलानी के हरिनगर में रहता है। अजय सिंह नरूका का विवाह 21 नवंबर 2021 को शालू कंवर (24) के साथ हुआ था। मां सुलोचना देवी गृहिणी हैं। अजय सिंह का छोटा भाई करणवीर सिंह (24) बठिंडा (पंजाब) के AIMS में डॉक्टर है। पत्नी शालू कंवर ने इसी वर्ष चिड़ावा के कॉलेज से M.Sc. पास किया है। बलिदानी के चाचा कायम सिंह भारतीय सेना की 23 राजपूत रेजिमेंट में सिक्किम में तैनात हैं। उन्हें 2022 में सेना मेडल से सम्मानित किया गया था।

मंगलवार सवेरे लगभग साढ़े सात बजे सेना के अधिकारियों ने बलिदानी अजय सिंह की पत्नी शालू कंवर को अजय के वीरगति को प्राप्त होने की सूचना दी। पूरा परिवार पिलानी से भैसावता कलां पहुंच गया है।

वहीं सिपाही बिजेंद्र सिंह दौराता (26) डुमोली कलां गांव के रहने वाले थे। बिजेंद्र सिंह 2018 में आर्मी में भर्ती हुए थे। 8 नवंबर 2019 में उनकी शादी नयाबास मानोता कलां (खेतड़ी) की रहने वाली अंकिता (25) से हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनमें विहान चार वर्ष का, जबकि किहान एक वर्ष का है। परिवार में तीन बहनें भरपो देवी, शर्मिला, कविता हैं, जिनका विवाह हो चुका है। पिता रामजीलाल (48) गांव में खेती करते हैं। मां धोली देवी गृहिणी है। छोटा भाई दशरथ सिंह (24) भी सेना में है और लखनऊ में तैनात है। बिजेंद्र के बलिदान होने की सूचना सेना ने दशरथ सिंह (24) को दी। दशरथ सिंह छुट्‌टी लेकर लखनऊ से गांव पहुंच चुके हैं। परिवार के बाकी सदस्यों को बिजेंद्र के वीरगति को प्राप्त होने की जानकारी अभी नहीं है। दशरथ समेत गॉंव वालों ने निश्चित किया है कि पार्थिव शरीर गॉंव पहुंचने के दो घंटे पहले परिवार को इस बारे में बताया जाएगा।

ये जवान जम्मू-कश्मीर के डोडा शहर से लगभग 55 किमी दूर हुई एक आतंकी मुठभेड़ में बलिदान हो गए। वीरगति को प्राप्त जवानों का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने दोनों जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार ने बलिदानियों के परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर दुख प्रकट करते हुए लिखा, ‘आतंकवाद विरोधी अभियान में हमारे बहादुर और साहसी जवानों की मौत से गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। राष्ट्र अपने उन सैनिकों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है, जिन्होंने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। आतंकवाद विरोधी अभियान जारी हैं, हमारे सैनिक आतंकवाद के संकट को खत्म करने और क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

Print Friendly, PDF & Email
Share on

1 thought on “जम्मू कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ में राजस्थान ने खोए दो वीर सपूत

  1. 🕉️अमर बलिदानी वीरो को शत शत नमन मां भारती उनके परिवार को इतने बड़े दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें 💐🙏
    जय जवान जय भारत🇮🇳

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *