कोटपूतली : आक्रोश रैली निकालकर सर्व हिन्दू समाज ने दिया एकजुटता का संदेश 

कोटपूतली : आक्रोश रैली निकालकर सर्व हिन्दू समाज ने दिया एकजुटता का संदेश कोटपूतली : आक्रोश रैली निकालकर सर्व हिन्दू समाज ने दिया एकजुटता का संदेश 

कोटपूतली। पड़ोसी देश बांग्लादेश में तख्तापलट के साथ ही वहां कई पीढ़ियों से रह रहे हिन्दुओं के साथ शुरू हुई अमानवीयता थमने का नाम नहीं ले रही। निर्दोष हिन्दुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों को चुन-चुन कर मारा जा रहा है। इसको लेकर भारत में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। राजस्थान में भी अनेक स्थानों पर सर्व हिन्दू समाज की ओर से रैली निकालकर आक्रोश व्यक्त किया गया। इसी क्रम में 22 अगस्त को कोटपूतली में भी सर्व हिन्दू समाज की ओर से संतों के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर विरोध जताया। शहर के लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में विभिन्न हिन्दू संगठनों से जुड़े लोग एकत्रित हुए। 

इस अवसर पर मलपुरा के रिवाला धाम के महंत गणेशानंद महाराज ने कहा कि अब समय आ गया है कि हिन्दू जातियों में न बंटे। एकजुट होकर बांग्लादेश की घटना से समझना होगा कि एकजुटता से ही हम अपनी रक्षा कर पाएंगे। हमें किसी भी हिन्दू पर हो रहे अत्याचार का विरोध करना होगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दू समाज की बहन-बेटियों पर अत्याचार हो रहा है। वहां के मंदिरों को तोड़ा जा रहा है। इसके अलावा हिन्दुओं को जबरन कन्वर्जन के लिए बाध्य किया जा रहा है। घरों को आग लगाई जा रही है। बांग्लादेश का शासन-प्रशासन हिन्दुओं को सुरक्षा प्रदान करने में असफल है। 

रैली आरम्भ होने से पहले सभी ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद आक्रोश रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली में शामिल लोग हाथों में तख्तियां और बैनर-पोस्टर लेकर नारे लगाते चल रहे थे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम तीन सूत्री मांगों को लेकर एडीएम योगेश कुमार डागुर को ज्ञापन सौंपा।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

2 thoughts on “कोटपूतली : आक्रोश रैली निकालकर सर्व हिन्दू समाज ने दिया एकजुटता का संदेश 

  1. बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था। हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *