छुआछूत को समाप्त कर प्रत्येक हिन्दू को गले लगाना होगा- निम्बाराम

छुआछूत को समाप्त कर प्रत्येक हिन्दू को गले लगाना होगा- निम्बाराम

छुआछूत को समाप्त कर प्रत्येक हिन्दू को गले लगाना होगा- निम्बारामछुआछूत को समाप्त कर प्रत्येक हिन्दू को गले लगाना होगा- निम्बाराम

उदयपुर, 14 अक्टूबर। छुआछूत एक गंभीर बीमारी है, इसे समाप्त कर प्रत्येक हिन्दू को गले लगाना होगा। परिवार हमारे समाज की सशक्त इकाई है, हमें संयुक्त परिवार को बढ़ावा देना होगा। ये विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने रविवार को भगवान ऋषभदेव की पावन धरा उदयपुर में आयोजित विजयदशमी कार्यक्रम में व्यक्त किए। 

उन्होंने कहा, आज परिवारों में भी गृह सभा करने की आवश्यकता है। नागरिक कर्तव्य और स्वदेशी के विषय भी अपने परिवारों के साथ ही समाज में ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, महापुरुष किसी एक समाज के नहीं होते, वे सबके होते हैं। आगामी 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती है, उसे सभी समाज मिलकर मनाएं। बिरसा मुंडा ने समाज जागरण के लिए अपना पूरा जीवन अर्पित कर दिया। अहिल्याबाई होल्कर का 300 वां जयंती वर्ष चल रहा है, उन्होंने समाज के लिए श्रेष्ठ कार्य किया। हम सब उनका जयंती पर्व मिलकर मनायें और उनके कार्यों से प्रेरणा लें। संघ भी अपने 100 वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। अब हमें प्रत्येक मंडल व ग्राम स्तर तक संघ शाखाओं की संख्या बढ़ानी है। शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य चल रहा है। समाज में पर्यावरण समेत विभिन्न सामाजिक सरोकार के कार्यों को करने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर संत पुलक सागर महाराज ने कहा, भारत शक्तिशाली राष्ट्र बना है, इसमें संघ की बड़ी भूमिका है। देश भक्ति, अनुशासन, चरित्र व सत्यनिष्ठा स्वयंसेवकों से सीखनी चाहिए। संघ किसी पार्टी, जाति या रिलिजन का विरोधी नहीं है। प्रत्येक स्वयंसेवक के लिए राष्ट्र प्रथम है। देश के पतन का कारण संस्कृति, सभ्यता, भाषा व संस्कारों का क्षरण है। भारत को खतरा दुश्मनों से नहीं, भारत में रहने वाले षड्यंत्रकारी तत्वों से है। ये तत्व हिन्दू समाज को जातियों में बांटने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।

हिन्दू समाज इनकी मंशा को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा, इंडिया गुलामी का प्रतीक है, हमें भारत ही बोलना चाहिए। भारत जमीन का टुकड़ा मात्र नहीं है, हम सब भारत हैं। मैं संचलन में चला तो ऐसा लगा पूरा देश मेरे साथ चल रहा है।

पुलक सागर महाराज भी शामिल हुए संचलन में

कार्यक्रम की शुरुआत में संचलन निकला, जिसमें पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष के वादन के साथ कदम से कदम मिलाकर नगर संचलन किया। नगर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, समाज के प्रबुद्ध जनों व महिलाओं ने जगह जगह उनका स्वागत सत्कार किया। कुछ दूरी तक संत पुलक सागर महाराज भी संचलन के आगे चले। संचलन टाउन हॉल मैदान से शुरू होकर नगर भ्रमण के बाद पुनः टाउन हॉल पहुंचा, जहाँ संत पुलक सागर महाराज व क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने शस्त्र पूजन किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन व महिलाएं उपस्थित रहीं।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *