सरकार्यवाह पहुंचे नेत्र कुम्भ, कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव को सराहा

सरकार्यवाह पहुंचे नेत्र कुम्भ, कार्यकर्ताओं के समर्पण भाव को सराहा
महाकुम्भ नगर, प्रयागराज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी ने रविवार सायंकाल नेत्र कुम्भ का दौरा किया। ओपीडी सहित सभी वार्डों का अवलोकन किया एवं विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प पूर्ण होगा। चिकित्सकों ने उन्हें कार्य प्रणाली की पूरी जानकारी दी। इस अवसर पर सक्षम के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने नेत्र चिकित्सा सेवा व्यवस्था की जानकारी दी एवं बताया कि नेत्र कुम्भ के प्रति सामान्य जनमानस का विश्वास अद्भुत है।
महाकुम्भ नगर के सेक्टर 6 स्थित बजरंग दास मार्ग पर रविवार सायंकाल नेत्र कुम्भ में पहुंचने पर सक्षम के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर, नेत्र कुम्भ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रवीण रेड्डी, आयोजन समिति के महाप्रबंधक सत्यविजय सिंह, सदस्य सुनील कुमार सिंह आदि ने उनका स्वागत किया। सत्यविजय सिंह ने अंगवस्त्रम ओढ़ाया।
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि पिछले नेत्र कुम्भ में भी वे आए थे। इस बार की व्यवस्था तुलनात्मक रूप से काफी अच्छी और व्यापक है। नेत्र कुम्भ के कार्यकर्ताओं की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण भाव के कारण ही यहां लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार नेत्र चिकित्सा सेवा का नया कीर्तिमान बनेगा। वहीं, सुरेश सोनी ने नेत्र कुम्भ की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अपकी प्रेरणा से सेवा कार्य और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ेगा।