सिन्धु दर्शन उत्सव का ऑनलाइन पंजीयन 30 अप्रैल तक

सिन्धु दर्शन उत्सव का ऑनलाइन पंजीयन 30 अप्रैल तक
भारतीय सिन्धु सभा की ओर से सिन्धु दर्शन यात्रा 2025 का आयोजन आगामी 5 से 8 जून को लेह लद्धाख में किया जायेगा, जिसका ऑनलाइन पंजीयन 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। सभा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल वाधवाणी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतराम छाबड़िया के नेतृत्व में ऑनलाइन बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में तीर्थ यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक सुरेन्द्र लछवाणी सहित प्रदेशों व यात्रा समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश प्रभारी मूलचंद बसंताणी ने बताया कि 5 से 8 जून तक लेह में सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। समारोह में देश भर से सन्त महात्मा व संगठन के केन्द्रीय पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। सिन्धु माता के दर्शन, सिन्धु घाट पर स्नान व पूजन, बहिराणा पूजन, हवन यज्ञ के साथ ही अलग अलग प्रदेशों से आये सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। सिन्धु माता का आर्शीवाद सभी को मिले व तीर्थयात्रा के साथ राष्ट्र भक्ति की भावना भी बढ़े, इस कामना के साथ यह आयोजन किया जा रहा है। यात्रा में शामिल होने के लिए सड़क एवं वायु मार्ग के विकल्प उपलब्ध हैं।
यात्रा मार्ग
वायु मार्ग से 5 जून सुबह लेह पहुँचना है। 9 जून सुबह रवानगी होगी।
सड़क मार्ग
जम्मू-लेह-जम्मू, जम्मू लेह चण्डीगढ़ और जम्मू लेह मार्ग से तीर्थयात्री सम्मिलित हो सकेंगे। यात्रा 31 मई को पहुंचकर 12 जून तक समाप्त होगी।
समिति की बैठक में प्रमुख प्रबन्धकों व कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा मार्ग, परिवहन, आवास व सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सभी सामाजिक संगठनों के जुड़ाव पर विस्तृत चर्चा की गई।