राजस्थान में 27 लाख सदस्य बनाएगा भारतीय किसान संघ 

प्रदेश में 14 हजार ग्राम समितियां होगी गठित

जयपुर। विकास की नींव कहे जाने वाले किसान आर्थिक रूप से सक्षम व स्वावलंबी बन सके, इसके लिए राजस्थान में भारतीय किसान संघ की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के लगभग 27 लाख किसानों को सदस्य बनाने और लगभग 14 हजार ग्राम समितियों का गठन किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत  17 दिसम्बर से की जाएगी जो 28 फरवरी तक चलेगा।

अभियान के अंतर्गत जोधपुर, चित्तौड़गढ़ व जयपुर प्रांत को मिलाकर 27 लाख किसानों को सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस संबंध में प्रांत के सभी गांवों में सक्रिय ग्राम समितियों को गठित करने का भी आह्वान किया जा रहा है। इस संबंध में हुई बैठक में अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह व अखिल भारतीय कार्यकारी अध्यक्ष व प्रदेश सदस्यता प्रभारी राम भरोस बसोतिया समेत सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री सहित जिलाप्रभारी और प्रांत कार्यकारिणी के कार्यकर्ता भी सम्मिलत हुए।

संगठनात्मक चुनाव तीन साल में-

भारतीय किसान संघ की ओर से हर तीन साल में संगठनात्मक चुनाव होते हैं। इसके अंतर्गत सदस्यता अभियान चलाया जाता है। इसके अंतर्गत गांव-गांव जाकर किसानों को सदस्य बनाया जाता है। उन सदस्यों की ओर से ग्यारह लोगों की ग्राम समिति गठित की जाती है। इन्हीं ग्राम समितियों के सदस्य मिलकर 21 सदस्यों की तहसील इकाई का चुनाव करते हैं। इसके बाद ही जिला, प्रांत, प्रदेश व अखिल भारतीय कार्यकारिणी का गठन होता है।

इनका कहना है-
खेती की समस्याओं के समाधान व संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। भारतीय किसान संघ के त्रिवर्षीय सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इसमें 27 लाख किसानों को सदस्य बनाने और लगभग 14 हजार ग्राम समितियों के गठन का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही ग्राम समितियों को गठित करने का भी आह्वान किया जा रहा है। जिसके लिए अलग-अलग प्रांतों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *