संविधान के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक

संविधान के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक

डॉ. अमित वर्मा

संविधान के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यकसंविधान के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक

गणतंत्र को लोकतंत्र, प्रजातंत्र और जनतंत्र भी कहा जाता है। गणतंत्र का अर्थ है देश में रहने वाले लोगों की सर्वोच्च शक्ति। जनता ही देश को सही दिशा में ले जाने के लिए अपने प्रतिनिधियों को नेता के रूप में चुनती है। भारतीय संविधान की शक्तियों के कारण ही हम देश में अपने पसंद का प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या अन्य नेता चुन सकते हैं। हमारे महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत में पूर्ण स्वराज के लिए 200 वर्षों से भी अधिक समय तक संघर्ष किया। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि उनकी आने वाली पीढ़ियां किसी के पराधीन न रहें और स्वतंत्र रूप से अपने अधिकारों का निर्वहन कर सकें। अगर हम स्वाधीनता से पहले की बात करें तो हमारे देश में राजाओं, सम्राटों और ब्रिटिश सरकार का शासन रहा था। जब हमारा देश 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजी शासन से मुक्त हुआ तो उस समय भारत के पास अपना कोई संविधान नहीं था, लेकिन बाद में काफी विचार-विमर्श के बाद डॉ. बीआर अंबेडकर के नेतृत्व में एक समिति का गठन किया गया और भारतीय संविधान का मसौदा तैयार किया गया। अगर इसके इतिहास की बात करें तो कहा जाता है कि संविधान निर्माण की प्रकिया 1946 से शुरू हुई और दिसंबर 1949 में इसका खाका बनकर तैयार हुआ। संविधान बनने की इस प्रक्रिया में कुल 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे।

भारतीय संविधान के इस मसौदे को विधान परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया और 26 नवंबर 1949 में इसे अपनाया गया, लेकिन 26 जनवरी 1950 में इसे प्रभावी रूप से लागू किया गया। तब से लेकर आज तक हम सभी देशवासी प्रति वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति एवं महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे। वे भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। डॉ. प्रसाद ने भारतीय संघ के अध्यक्ष के रूप में अपना पहला कार्यकाल शुरू किया और नए संविधान के संक्रमणकालीन प्रावधानों के अंतर्गत संविधान सभा भारत की संसद बन गई। तभी से गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति राष्ट्र को संबोधित करते हैं।

26 जनवरी का दिन हमारे लिए बड़ा ऐतिहासिक महत्व रखता है। 1950 से पहले इस तिथि को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता था। दिसंबर 1920 में कांग्रेस के लाहौर अधिवेशन में रावी नदी के तट पर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने पूर्ण स्वराज की घोषणा की थी। इसलिए 26 जनवरी 1930 को बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर स्वतंत्रता दिवस मनाने का निर्णय किया था। तब से प्रति वर्ष 26 जनवरी को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता था। लेकिन 15 अगस्त 1947 को देश की स्वाधीनता के बाद 15 अगस्त स्वाधीनता दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। लेकिन 26 जनवरी के गौरव और गरिमा को बनाए रखने के लिए इस दिन संविधान लागू करने का निर्णय लिया गया। तब से हम प्रति वर्ष 26 जनवरी को अपने संविधान के जन्मदिन या गणतंत्र की वर्षगांठ के रूप में मना रहे हैं।

प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में हर त्योहार का बहुत महत्व होता है। लेकिन गणतंत्र दिवस, जिसे हम संविधान के जन्मदिन के रूप में मनाते हैं, हमें एक बड़ा संदेश देता है। इसने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान किए हैं। देश को एक धर्मनिरपेक्ष, संप्रभु राष्ट्र का दर्जा दिया है। इसलिए हमें हमेशा इस पर्व की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए। इस बार भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी कर रहा है। हर वर्ष इस दिन को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन के आयोजन में नई दिल्ली में कर्तव्य पथ (पूर्व में राजपथ) एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस दिन कर्तव्य पथ पर परेड होती है, भारत की जल, थल, वायु तीनों सेनाएं मार्च करती हैं और सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाता है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अथिति फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या को जयपुर में अगले 25 सालों के संबंधों को साधते हुए द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। दोनों नेता रक्षा-सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग, व्यापार, पयार्वरण परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने के मुद्दे पर गहन बातचीत के साथ ही छात्रों और पेशेवरों के आदान-प्रदान पर भी चर्चा करेंगे।

गणतंत्र दिवस का महत्व इस बात को दर्शाता है कि भारत एक लोकतंत्र है और इसमें सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हैं। इस दिन को मनाकर लोग अपने देश के संविधान, मूलभूत अधिकार और कर्तव्यों के प्रति समर्पित होते हैं। इस त्योहार में हमारा राष्ट्रीय और संवैधानिक गौरव निहित है। जो हमें मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने का साहस और प्रेरणा देता है। यह दिन हमें भारत गणराज्य की स्थापना की याद दिलाता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य देश कहलाता है। हमारे महान भारतीय नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, लाला लाजपत राय, सरदार बल्लभ भाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री आदि ने देश की स्वाधीनता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।

हम सबको यह प्रतिज्ञा करनी होगी कि हम भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाएंगे। हम सब मिलकर सशक्त भारत का निर्माण करेंगे। सभी नागरिकों को संविधान के प्रति सजग करेंगे और सबको समान रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे। हमें अपने सामाजिक मुद्दों जैसे गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, ग्लोबल वार्मिंग, असमानता आदि के बारे में जागरूक होना होगा ताकि ऐसी समस्याओं का उचित समाधान कर सकें।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *