28 अप्रैल 1858 : अंग्रेजों ने 52 क्रान्तिकारियों को एक साथ पेड़ पर लटका दिया

28 अप्रैल 1858 : अंग्रेजों ने 52 क्रान्तिकारियों को एक साथ पेड़ पर लटका दिया

रमेश शर्मा 

28 अप्रैल 1858 : अंग्रेजों ने 52 क्रान्तिकारियों को एक साथ पेड़ पर लटका दिया28 अप्रैल 1858 : अंग्रेजों ने 52 क्रान्तिकारियों को एक साथ पेड़ पर लटका दिया

वर्ष 1857 में भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के बाद तिलमिलायी अंग्रेज सरकार ने क्राँतिकारियों का किस क्रूरता से दमन किया, इसका विवरण हर जिले के इतिहास में मिलता है। ऐसी ही एक क्रूरता पूर्ण कार्यवाही उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अंतर्गत बिन्दकी उपखण्ड के खजुआ कस्बे में हुई थी। इमली के पेड़ पर 52 क्राँतिकारियों को लटका कर फाँसी दी गई थी। सभी मृत देह पेड़ पर लटकते हुए पहले सड़ीं, फिर सूखीं और हड्डियों के ढाँचे में बदल गईं। ऐसी क्रूरता का आदेश देने वाला अंग्रेज अधिकारी ब्रिगेडियर नील था। 

यह पेड़ आज भी वहाँ है और स्थानीय लोग इसे “बावनी इमली” के नाम से जानते हैं। चूँकि इससे बावन क्राँतिकारियों को लटकाया गया था, इसलिये इसका नाम “बावनी इमली” पड़ गया। स्वतंत्रता के बाद यहाँ स्मारक बनाया गया। यह स्मारक फतेहपुर जिले की बिन्दकी तहसील मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर मुगल रोड पर स्थित है।

1857 में इस स्वातंत्र्य संघर्ष की शुरुआत क्राँतिकारी मंगल पाण्डेय ने बंगाल की बैरकपुर छावनी से की थी, जो पूरे भारत में फैली। उत्तरप्रदेश में इसका प्रमुख केन्द्र कानपुर और मेरठ थे। कानपुर में इस क्रांति की अगुवाई नाना साहब पेशवा कर रहे थे। उनके संदेश पूरे क्षेत्र में भेजे गये। ऐसा ही संदेश बिन्दकी के जागीरदार जोधासिंह अटैया को मिला। वे अपने क्षेत्र में लोकप्रिय थे। उनके आह्वान पर एक सैन्य टुकड़ी तैयार हुई और 10 जून 1857 को क्रांति की घोषणा कर दी गई। उसने अपने क्षेत्र के अंग्रेजी थाने और प्रशासनिक केन्द्रों पर अधिकार कर लिया। उन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया जो अंग्रेजी शासन को बनाये रखने के लिये सामने आये।

जोधासिंह अटैया के नेतृत्व में क्राँतिकारियों ने बिन्दकी क्षेत्र ही नहीं अपितु फतेहपुर पहुँचकर कचहरी एवं कोषागार सहित सभी शासकीय कार्यालयों को अपने अधिकार में ले लिया। इस क्रांति का नेतृत्व कर रहे जोधासिंह अटैया का संपर्क नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे से बना हुआ था। क्राँतिकारियों का दमन करने के लिये अंग्रेजी फौज फतेहपुर पहुँची। इसकी सूचना क्राँतिकारियों को मिल गई थी। इसलिये संभावित मार्ग पर मोर्चे बंदी कर ली गई थी। पांडु नदी तट पर क्राँतिकारियों का अंग्रेजी सेना से आमना-सामना हुआ। अंग्रेजी सेना को मैदान छोड़कर लौटना पड़ा। अंग्रेजी सेना और उसके सभी अधिकारियों कर्मचारियों के मैदान छोड़कर भाग जाने के बाद क्राँतिकारी कानपुर पहुँचे और नाना साहब पेशवा की सत्ता स्थापित करने में सहायता की।

नाना साहब की सत्ता स्थापित होने के बाद वे अपने क्षेत्र में व्यवस्था मजबूत करने के लिये वापस लौटे और मेहमूदपुर रानीपुर आदि क्षेत्र से अंग्रेजी व्यवस्था को समाप्त कर दिया और खजुहा को अपना केन्द्र बनाया। यहाँ आवागमन की सुविधा अच्छी थी। इसकी सूचना अंग्रेजी सेना को लगी। तब प्रयागराज में क्रांति का दमन करके कानपुर जा रहे कर्नल पावेल ने इस क्रान्ति सेना पर धावा बोला किन्तु क्राँतिकारी सतर्क थे। उन्होंने छापामार लड़ाई की युक्ति अपनाई। इससे कर्नल पावेल को मुँह की खानी पड़ी। उसकी सेना भाग गई, पावेल क्राँतिकारियों से घिर गया और मारा गया। इससे अंग्रेज बौखला गए। उन्होंने कर्नल नील के नेतृत्व में एक बड़ी सेना भेजी। इस सेना ने पहले पूरे क्षेत्र को घेरा और निर्दोष नागरिकों का सामूहिक नरसंहार आरंभ किया। जनरल नील ने क्राँतिकारियों से आत्मसमर्पण करने को कहा। साथ में यह लालच भी दिया कि यदि हथियार डाल कर समर्पण कर देंगे तो माफी दे दी जायेगी। क्रांतिकारियों को अपने प्राणों की परवाह न थी, लेकिन निर्दोष निगरिकों की सुरक्षा की चिंता थी इसलिये उन्होंने समर्पण कर दिया। क्रांति का नेतृत्व कर रहे जोधासिंह अपने 51 सेनानियों सहित बन्दी बना लिये गये। सबको बंदी बनाने के बाद भी अंग्रेजी सेना का क्षेत्रवासियों पर अत्याचार न रुका । इस नरसंहार और विनाश का रिकार्ड तक नहीं है। अंत में 28 अप्रैल 1858 को सभी क्राँतिकारियों को मुगल रोड लाया गया और इमली व इसके आसपास के पेड़ों पर लटका दिया गया। अंग्रेजों ने पूरे क्षेत्र में शवों को न उतारने की मुनादी कराई साथ ही यह चेतावनी भी दी कि यदि किसी ने यह प्रयास किया तो उसका भी यही हश्र होगा। अंग्रेजों के आतंक से पूरा क्षेत्र खाली हो गया। लोग जंगलों में या दूर कहीं अपने रिश्तेदारों के यहाँ चले गये। क्राँतिकारियों के शव पेड़ों से लटकते रहे, चील गिद्द खाते रहे और वे पेड़ पर लटकते लटकते ही हड्डी के ढाँचे में बदल गये। अंत में महाराजा भवानी सिंह ने अंग्रेजों से लिखा पढ़ी की। उतारने की अनुमति मांगी और महीनों बाद वे अस्थि पंजर पेड़ों से उतारे जा सके। खजुआ और बिन्दकी के बीच स्थित “बावनी इमली” के नाम से प्रसिद्ध यह इमली का पेड़ आज भी उन बलिदानियों का स्मरण कराता है।

Print Friendly, PDF & Email
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *